सोनीपत. मोहल्ला-कलां के मनोज के हत्यारोपी दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मोहल्ला-कलां निवासी विनीत उर्फ डाबर पुत्र जगदीश व दिल्ली के सरसपुर गांव निवासी अजय पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है।
आईओ एसआई दलबीर सिंह ने दोनों युवकों को पुलिस रिमांड पर देने के लिए न्यायालय में आवेदन किया है, जिससे हत्या में प्रयुक्त हथियार व मोटरसाइकिल को बरामद किया जा सकें। एसपी महेन्द्र सिंह श्योरण ने बताया कि तीन अक्टूबर को मृतक मनोज कुमार की पत्नी सुशीला ने पुलिस को अपनी शिकायत दर्ज कराई थी कि दशहरा पर्व के दिन इसके पति मनोज कुमार की डाबर व राजीव के साथ कहासुनी हुई थी।
तब मामला कुछ शांत हो गया था, पर तीन अक्टूबर की शाम वे फिर से घर के बाहर पहुंच गए। उन्होंने आवाज लगाई कि मनोज बाहर आना। जब वे दोनों पति-पत्नी अपने घर से बाहर निकले तो डाबर व राजीव एक मोटरसाइकिल पर सवार थे।
डाबर ने पिस्तौल से मनोज के पेट मे गोली मारी और वहां से भाग खड़े हुए। इलाज के दौरान मनोज कुमार की अस्पताल में मौत हो गई। महिला ने शिकायत में यह भी कहा था कि उसके पति का कत्ल करवाने में एक पप्पी नामक महिला का भी हाथ है।