रायपुर. वैशालीनगर विधानसभा की सीमाएं 5 नवंबर को सील कर दी जाएंगी। स्थानीय निवासियों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति को वहां रहने की अनुमति नहीं होगी। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार कुजूर ने कहा कि चुनाव की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। उपचुनाव की वजह से वैशालीनगर में सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं, कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी आयोग के अधिकारियों के लिए चुनौती है।
उन्हें 5 नवंबर के बाद क्षेत्र से बाहर करना होगा। इन नेताओं ने होटलों, रेस्टहाउसों, धर्मशालाओं और स्थानीय निवासियों के यहां शरण ले रखी है। बिना अनुमति वाले वाहनों को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। संबंधित क्षेत्र में प्रवेश के रास्तों को बेरीकेट लगाकर सुरक्षा बलों की तैनाती कर सील किया जाएगा।
मतदान 7 नवंबर को होगा। सीईओ ने कहा कि सबको आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करना होगा। त्रिपुरा के आईएएस श्री शांतनु जनरल आब्जर्वर हैं। एक टेक्नीकल आब्जर्वर के भी आने की संभावना है। वैशालीनगर में 220 मतदान केंद्र हैं।