रायपुर. वैशालीनगर विधानसभा उपचुनाव में दिग्गजों की गतिविधियां बढ़ने के साथ ही माहौल गरमा गया है। कांग्रेस की घेरेबंदी को तोड़ने के लिए भाजपा ने चुनाव प्रचार थमने के एक दिन पहले बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का रोड शो आयोजित किया है। वैशालीनगर में मुख्यमंत्री की छवि के ऊपर ही भाजपा प्रत्याशी जागेश्वर साहू का भविष्य निर्भर है।
मुख्यमंत्री का जादू चल गया तो श्री साहू के चेहरे पर मुस्कुराहट आएगी वरना कांग्रेस ने उनकी तगड़ी घेरेबंदी कर रखी है। में पहली बार टिकट वितरण से लेकर चुनाव प्रचार तक ताकत झोंक दी है। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को वहां पूरा समय नहीं दिया गया है। श्री जोगी को चुनाव प्रचार से दूर रखकर गैर छत्तीसगढ़ी वोटों के ध्रुवीकरण से बचने का इंतजाम कांग्रेस के रणनीतिकारों ने किया है।
इसके अलावा साडा अध्यक्ष के रूप में काम करने की वजह से कांग्रेस प्रत्याशी भजन सिंह निरंकारी को स्थानीय संपर्र्को का फायदा भी मिल रहा है। मोतीलाल वोरा और अजीत जोगी के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू और उनकी टीम वैशालीनगर में सक्रिय है। सांसद मोहसिना किदवई भी कल वहां पहुंच जाएंगी। दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी जागेश्वर साहू के पक्ष में लगे भाजपा के दिग्गज नेताओं के बीच की दूरियां भी रह-रहकर उजागर हो रही हैं।
वैसे भाजपा ने भी ताकत झोंकने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। रमन सरकार के कामकाज का फायदा लेने के अलावा सांसद सरोज पांडे के संपर्र्को का अधिक से अधिक फायदा लेने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कल सुबह 11.30 बजे से शाम 6 बजे तक वैशालीनगर क्षेत्र में रोड शो कर हर गली में भाजपा प्रत्याशी के लिए माहौल बनाएंगे।
उनके दिनभर वैशालीनगर में रहने से राजनैतिक माहौल उफान पर होगा। इस दौरान क्षेत्र की शायद कोई गली छूटेगी जहां पर मुख्यमंत्री का जाना नहीं होगा। एक किलोमीटर लंबे और तीन किलोमीटर चौड़ाई वाले विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री करीब सात घंटे बिताने वाले हैं।