रायपुर. 3 नवंबर। सरकार ने हड़ताली पटवारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। अब एस्मा लगाने के साथ ही काम पर नहीं लौटने वाले पटवारियों की जगह नए लोगों की नियुक्ति कर दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनका काम रेवेन्यू इंस्पेक्टरों (आरआई) से लिया जाएगा। राजस्व विभाग ने हड़ताल को पहले ही अवैध घोषित कर दिया है, अब निलंबन की कार्रवाई होगी।
नई जगहों पर ज्वाइन नहीं करने वाले पटवारियों की रिपोर्ट कलेक्टरों से 31 अक्टूबर तक मांगी गई थी लेकिन जिलों से रिपोर्ट आने में विलंब हो रहा है। अफसरों ने दावा किया कि स्थानांतरित किए गए 1461 पटवारियों में से आधों ने ज्वाइनिंग दे दी है। कुछ और पटवारी ज्वाइन करना चाहते हैं, लेकिन पुराने उन्हें धमका रहे हैं। बस्तर और सरगुजा संभाग में ज्यादातर पटवारियों ने आदेश पर अमल किया है।
रायगढ़ और कोरबा में भी हालात अच्छे हैं। जांजगीर, बिलासपुर में आधे ने ज्वाइनिंग दी, जबकि रायपुर, महासमुंद जिलों में स्थिति खराब है। राजस्व विभाग ने 6 साल या अधिक समय से जमे पटवारियों को हटाने का फरमान 20 सितंबर को जारी किया। इससे पटवारी बगावत पर उतर आए हैं। उन्हें एक माह में स्थानांतरित स्थान पर कार्यभार संभालने को कहा गया था।
ऐसा न करने वाले पटवारियों को बस्ता जमा करने के निर्देश दिए गए। जो पटवारी बस्ता नहीं जमा कर रहे हैं उनके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। हालांकि पटवारी संघ ने एफआईआर पर रोक लगाने का आग्रह किया है, लेकिन शासन को स्पष्ट नहीं किया है कि काम पर लौट रहे हैं या नहीं। विभागीय मंत्री अमर अग्रवाल को इस मामले में मुख्यमंत्री की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हेंै। तबादले का एक दिलचस्प पहलू यह है कि अच्छी जगह स्थानांतरित पटवारी बगैर देरी किए नई जगह चले गए हैं।
कोर्ट ने ठुकराया आवेदन : अधिकरियों के अनुसार कोर्ट ने हड़ताली पटवारियों को स्थगन देने से मना कर दिया है। उसका कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को स्टे नहीं दिया जा सकता। तबादले 5 साल बाद हो रहे हैं फिर जाने में आनाकानी क्यों?
207 पटवारियों ने जमा किए बस्ते : रायपुर जिले के 9 तहसीलों के 377 पटवारियों में से 207 पटवारियों ने अपने रिकार्ड बस्ते तहसीलदारों के पास जमा कराए हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले सवा महीने से अपनी विभिन्न मांगों के लिए हड़ताल कर रहे पटवारियों से कलेक्टर ने रिकार्ड बस्ते जमा करने कहा है।
लेकिन इसके बाद भी पटवारी अपने बस्ते जमा नहीं कर रहे थे। रायपुर तहसीलदार श्रीकांत वर्मा व पुलक भट्टाचार्या ने बताया कि रायपुर के दो पटवारियों के बस्ते को ताला तोड़कर मंगलवार को राजसात किया गया। दूसरी ओर एसडीएम भाटापारा ने 66 पटवारियों के विरूद्ध बस्ता जमा नहीं करने के कारण थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है।
पटवारी ज्वाइन नहीं करते हैं तो नई नियुक्तियां होंगी। विकल्प के रूप में आरआई से भी काम लिया जाएगा। बस्ता जमा नहीं करन वालों के खिलाफ एफआईआर और निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। - सुनील कुमार कुजूर, सचिव राजस्व