राजकुमार ने लगाई सुरक्षा की गुहार
रिंकू यादव Wednesday, November 04, 2009 07:00 [IST]  

गाजियाबाद. आरुषि-हेमराज हत्याकांड और उलझता जा रहा है। मंगलवार को इस मामले में एक और नया अध्याय जुड़ गया। मामले के एक आरोपी राजकुमार ने अपनी जान को खतरा बताते हुए डीआईजी मेरठ मंडल के कार्यालय में याचिका दायर की है। डीआईजी ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए एसएसपी गाजियाबाद को राजकुमार की सुरक्षा का इंतजाम करने का आदेश दिया है।



राजकुमार के वकील नरेश यादव ने बताया कि आरुषि-हेमराज हत्याकांड के आरोपी नेपाल निवासी राजकुमार को यहां अपनी जान का खतरा है। इसीलिए उसने मेरठ मंडल के डीआईजी के कार्यालय में सुरक्षा संबंधी याचिका दायर की है। नरेश के अनुसार राजकुमार को आरुषि के पिता डॉ. राजेश तलवार से जान का खतरा है। बता दें कि राजकुमार डॉ. राजेश तलवार की मित्र डॉ.अनीता दुर्रानी के घर में नौकर था। उसका डॉ. राजेश तलवार के घर भी आना-जाना होता था। हत्याकांड की जांच के दौरान सीबीआई ने राजकुमार को भी आरोपी करार दिया था।



राजकुमार नेपाल के कपिलवस्तु का रहने वाला है और वह फिलहाल नेपाल में ही रह रहा है। बीच-बीच में उसे मामले की सुनवाई के लिए गाजियाबाद स्थित सीबीआई कोर्ट आना पड़ता है।राजकुमार फिलहाल सोमवार शाम को ही नेपाल से गाजियाबाद आया है। उसे यहां अपनी जान को खतरा महसूस हुआ तो उसने अपने वकील के साथ जाकर अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए यह याचिका दायर की है।



डीआईजी ने गाजियाबाद के एसएसपी को राजकुमार की सुरक्षा करने का आदेश दिया है। राजकुमार का आरोप है कि डॉ. अनीता दुर्रानी ने उसे तीन महीने की तनख्वाह भी नहीं दी है। राजकुमार को अभी सीबीआई टीम की पूछताछ तक यहां रुकना होगा।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: