राजधानी हरियाणा. राज्य सरकार ने किसानों के लिए फिर से पिटारा खोल दिया है। इसकी शुरुआत करते हुए मंगलवार को सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 2010-11 के लिए गन्ने के समर्थन मूल्य में प्रति क्विंटल 15 रुपए वृद्धि की घोषणा की। अगले साल यह 25 रुपए हो जाएगी। 2009-10 के लिए गन्ने का यह भाव देश में अब तक का सर्वाधिक है। गन्ना नियंत्रण बोर्ड की बैठक में यह भाव तय किए गए।
किसानों के हित की रक्षा करेगी सरकार
सीएम ने कहा कि सरकार ने हमेशा किसानों के हितों की रक्षा करते हुए लाभदायक मूल्य दिया है। प्रदेश की चीनी मिलों से भी लाभदायक मूल्य तय करने का करने का आग्रह किया है। किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से ही पिराई मौसम 2010-11 के लिए मूल्य पहले ही निर्धारित किया है।
साथ ही, मुख्यमंत्री हुड्डा ने पूरे गन्ने की पिराई तक मिलें चालू रखने के निर्देश भी दिए हैं। निजी चीनी मिलें 25 नवंबर व सहकारी क्षेत्र की मिलें इसके बाद पिराई शुरू करेंगी। निजी क्षेत्र की चीनी मिलों सहित सभी मिलों ने 2008-09 के दौरान किसानों को 414.87 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जिसमें सहकारी मिलों द्वारा अदा राशि 215.85 करोड़ रुपए से अधिक है। चीनी मिलों पर किसानों की कोई भी राशि बकाया नहीं है।