केंद्र की हरी झंडी का इंतजार
भास्कर न्यूज Wednesday, November 04, 2009 07:32 [IST]  

रायपुर. बीएसएफ समेत अन्य सशस्त्र बलों को जंगलवार की ट्रेनिंग लगभग पूरी होने को है। केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में चलने वाले ऑपरेशन के लिए राज्य की पुलिस पूरी तरह तैयार हो चुकी है। अब केंद्र सरकार की हरी झंडी का इंतजार किया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों से आई फोर्स के जवानों को रायपुर और दुर्ग में नक्सलियों के खिलाफ गुरिल्ला वार की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।

बताते हैं कि केंद्र सरकार फोर्स को सीधे जंगल में भेजने की तैयारी कर रही थी लेकिन राज्य पुलिस के आला अफसरों ने फोर्स को सीधे जंगल में भेजने पर आपत्ति की। उनका तर्क था कि भौगोलिक परिस्थितियों की जानकारी दिए बिना जंगल में फोर्स भेजने से नुकसान अधिक हो सकता है। राज्य पुलिस के इस तर्क से सहमत होने के बाद ही केंद्रीय गृह मंत्रालय ने फोर्स को ट्रेनिंग देने पर सहमति जताई।

ऑपरेशन शुरू होने के पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय एक्शन प्लान के क्रियान्वयन के संबंध में एक्सरसाइज कर लेना चाहता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए ही केंद्रीय गृह सचिव ने राज्य के प्रमुख अफसरों को 10 नवंबर को दिल्ली बुलाया है। इसमें पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ तालमेल पर चर्चा कर एक्शन प्लान का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

ऑपरेशन शुरू करने के पहले पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। खासकर महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश की सीमा में नक्सलियों की आवाजाही अधिक होती है, इस कारण इन दोनों राज्यों के पुलिस अफसर लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

ऑपरेशन के दौरान वायुसेना के हेलिकाप्टरों की मदद भी ली जाएगी। इसके लिए रायपुर, जगदलपुर और नागपुर के विमानतल का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा नंदिनी एयरपोर्ट और रायपुर के पुलिस लाइन के हैलिपैड का भी उपयोग किया जाएगा।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: