रायपुर. रोशनी से नहाए साइंस कालेज ग्राउंड पर चल रहे राज्योत्सव मेले में मंगलवार को जरूरत के सामान के साथ कई तरह की जानकारियां लोगों ने लीं। चाहे वह लेटेस्ट फैशन से संबंधित हो, एसेसरीज या फिर होम डेकोरेशन हो। मनोरंजन के लिए भी कई तरह के कार्यक्रम शहर के साथ दूर-दराज के लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। मेले में छत्तीसगढ़ी संस्कृति को प्रदर्शित करते शिल्प भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।
ढोकरा शिल्प, बेल मेटल, टेराकोटा, काष्ठ शिल्प, आयरन ट्राइबल आर्ट लोगों को जमकर खरीदारी का मौका दे रहे हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों के मनोरंजन में चार चांद लगा रहे हैं। कार्यक्रम शुरू होते ही छोटे और मुख्य दोनों मंच के सामने लोगों की भीड़ जुट गई। राज्योत्सव प्रांगण में भी पंथी, लोकमंच, ककसार नृत्य, कमार नृत्य आदि ने भी छत्तीसगढ़ी संस्कृति बिखेरी।
शिल्पग्राम है खास : राज्योत्सव में शिल्पग्राम ने लोगों की बीच अनोखी छाप छोड़ी है। इसका आकर्षण इतना है कि मेले में आने वाले ज्यादातर लोग इसकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। वहां सागौन के फर्नीचर, मूर्तियां, बेलमेटल की कलाकृतियां, पेपरमेशी के आकर्षक फ्लावर पॉट आदि से सजे स्टॉल इसकी शोभा बढ़ा रहे हैं। यही कारण है कि महिलाओं की अच्छी भीड़ जुट रही है। बस्तर की कलाकृतियों के साथ खास डिजाइन के मिट्टी के बर्तन भी लोगों को पसंद आ रहे हैं।
काष्ठ शिल्प और आयरन ट्राइबल आर्ट : शिल्पग्राम के बीच खड़ी मूर्तियां काष्ठ शिल्प के बारे में जानकारी दे रही हैं। खूबसूरत और बेजोड़ दिखने वाली साल की लकड़ी से बनी इन मूर्तियों की कीमत 14 से 75 हजार रुपए है। आयरन ट्राइबल आर्ट से बनी कलाकृतियां भी प्रदेश की संस्कृति को बयान कर रही हैं। आर्टिस्ट श्याम सुंदर विश्वकर्मा ने बताया कि लामन दिया और तोरन की घंटी लोगों को खूब पसंद आ रही है। लामन दिया का इस्तेमाल बस्तर के लोग शादियों में करते हैं। यह इस आर्ट में खास है।
बेल मेटल और टेराकोटा : मेले में एसेसरीज और होम डेकारेशन की चीजों की भरमार है। यहां एराकोंडा के बेल मेटल आर्ट और मिट्टी से तैयार किया गया टेराकोटा शिल्प भी लोगों की पसंद है। व्यापारियों की मानें, तो आदिवासी शो पीस पयर्टकों के साथ ही पारंपरिक आर्ट की चाहत रखने वालों को भी खूब पसंद आ रहे हैं।
बेलमेटल में डिजाइनर मुखौटे, वाल हैंगिंग, डिजाइनर दीया और वाद्ययंत्र की पूछ परख ज्यादा है। बस्तर से आए कलाकार टेराकोटा में अपनी कृतियां प्रदशिर्त कर रहे हैं। इसमें गणोश की मूर्ति, ज्वेलरी बाक्स, वाल पीसेस, डिजाइनर घंटी सहित अन्य चीजें प्रमुख हैं।