खुफिया सर्वे शुरू, टिकटें फाइनल
भास्कर न्यूज Wednesday, November 04, 2009 07:45 [IST]  

बीकानेर. नगर निगम चुनावों को लेकर चल रही खींचतान का जोर अब परवान पर है। लोग जयपुर तक दौड़ लगा आए हैं और अब स्थानीय स्तर पर अपनी गोटियां सेट करने में लगे हैं। इस बीच दोनों ही बड़े राजनीतिक दलों के लिए ‘विशेषज्ञ-टिप्पणियां’ भी आने लगी है कि प्रत्याशी तय कर दिए गए हैं।



खासतौर से महापौर के लिए तो यह दावे के साथ कहा जा रहा है। कुछ वार्डो से पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए भी दावे शुरू हो गए हैं। इन स्थितियों के बाद भी दावेदारों ने अपनी आस नहीं छोड़ी है और चाहते हैं कि किसी तरह से उनका आवेदन नंबर में लग जाए। पर्यवेक्षकों की नजर में चढ़ने के लिए भी नेता कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।



दो दिन पहले हंशा गेस्ट हाउसन में भाजपा के नगर निगम चुनाव प्रभारी के बीकानेर आने पर दावेदारों ने जहां संघ से संबंधों से लेकर पिछली सरकार के तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान बरती गई सक्रियता के प्रमाण पेश कर रहे थे तो मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय में कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिला। महापौर बनने के लिए पहुंचे दावेदार में से एक ने जहां खुद को बीकानेर में साम्प्रदायिक सद्भाव का सूत्रधार बताते हुए टिकट की मांग की तो कुछ यह दावा करते नजर आए कि उनकी वजह से ही कांग्रेस का नया वोट बैंक खड़ा हुआ है।



मंगलवार को कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने दावेदारों की सुनी और अपनी तरफ से सुझाव भी दिए। कांग्रेस कार्यालय में दिनभर चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेताओं का जमघट रहा जबकि इस बीच पर्यवेक्षकों ने प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर टिकट के दावेदारों को खंगाल भी लिया। यह रिपोर्ट ब्लॉक अध्यक्षों के स्तर पर तैयार करवाई गई थी जिसके आधार पर पर्यवेक्षकों ने स्थानीय नेताओं से सवाल भी पूछे।



कांग्रेस कार्यालय में पिछले दो दिन से चल रही गहमागहमी के बाद यह कहा जाने लगा है कि पार्टी की गाड़ी अब वापस पटरी पर आ चुकी है और अब किसी तरह की अनुशासनहीनता नहीं होगी। चुनाव की घोषणा होने के साथ ही शुरू हुए वाद-विवाद के दौर से बचते हुए सभी ने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने और वोट लेने पर सहमत नजर आए और सभी वरिष्ठ नेता-कार्यकर्ता आए हुए आवेदनों की रिपोर्ट तैयार करने लगे हैं।



भाजपा की ओर से अब सर्वे-टीम तैयार है। इन सर्वे टीमों के माध्यम से भाजपा आए हुए आवेदकों की जांच करवा रही है। इस कार्य के लिए पार्टी ने मंडलवार कमेटियां तय की है जो आवेदकों की राय जुटाएगी। इस रायशुमारी के बाद ही चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। इस सिलसिले में मंगलवार को जूनागढ़ मंडल की बैठक हुई। बैठक में मालमसिंह मांगलिया, ओमसिंह राजपुरोहित, श्यामसिंह हाडलां, श्यामसुंदर पांडे, अयूब कायमखानी, राजेंद्र गहलोत, दुलीचंद गहलोत आदि शामिल हुए।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: