जिले में 79 को डेंगू, सर्वाधिक अजमेर में
भास्कर न्यूज Wednesday, November 04, 2009 07:52 [IST]  

अजमेर. जिले में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बदस्तूर जारी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महकमे की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक जिले में 79 लोग डेंगू के शिकार हो चुके हैं। इनमें सबसे अधिक दो दर्जन लोग शहर के बताए गए हैं।



महकमे ने जिले के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों से 23 सितंबर से 31 अक्टूबर तक की डेंगू के उपचार वाले मरीजों की रिपोर्ट जुटाई है। इसके मुताबिक 24 लोग शहर की विभिन्न हिस्सों में स्थित डिस्पेंसरियों के अधीन आने वाले क्षेत्रों के हैं। इसके बाद ब्यावर में 19, पुष्कर में 6, गगवाना में तीन, नसीराबाद में 11, केकड़ी में तीन और मसूदा व किशनगढ़ में एक —एक मरीज डेंगू की चपेट में आ चुका है। शहर में पॉश कॉलोनी पंचशील में रहने वाली पुष्कर विधायक नसीम अख्तर समेत विभिन्न कॉलोनियों में दो दर्जन लोग डेंगू की चपेट में आए हैं। इधर जिले के विभिन्न प्राइवेट अस्पतालों में भी 12 लोग डेंगू के शिकार रिपोर्ट हुए।



यह योजना बनाई थी



जिला प्रशासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महकमा और नगर निगम ने शहर में जारी मौसमी बीमारियों के प्रकोप को देखते हुए 12 टीमों का गठन किया था। ये टीमें शहर की विभिन्न कॉलोनियों व मोहल्लों में सफाई व्यवस्था, एंटी लार्वा गतिविधियां और ब्लड स्लाइड आदि लेने के लिए लगाई गईं। इनमें से कुछ ही टीमें सक्रिय बताई गई हैं। जीव विज्ञानी हेमप्रभा सिंह के मुताबिक पुष्कर मेले को देखते हुए एक मलेरिया निरीक्षक और 11 मलेरिया वर्करों को पुष्कर लगा दिया गया था। इन्हें अब तक रिलीव नहीं किया गया है। टीमों में नगर निगम और जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों के शामिल नहीं होने की भी जानकारी मिली।



दो दिन फोगिंग भी नहीं हुई



पुष्कर मेले के चलते शहर में दो दिन फोगिंग भी नहीं हो पाई। डीजल की कमी के चलते यह कार्य प्रभावित हुआ। 55 में से अब तक 36 वार्ड में फोगिंग कराने का दावा किया गया है। अब वापस फोगिंग शुरू होगी।



काम कर रही है टीम



ञ्चशहर में सर्वे व एंटी लार्वा गतिविधियां जारी हैं। महकमे की टीमें बुखार के रोगियों की ब्लड स्लाइड ले रही हैं। किसी भी कर्मचारी को डिस्टर्ब नहीं किया गया है।



बीएल फानण, सीएमएचओ

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: