पुष्कर. पुष्कर मेला सोमवार को संपन्न हो गया, मगर चहल-—पहल अभी भी बनी हुई है। जिला एवं पुलिस प्रशासन ने अपनी व्यवस्थाएं समेट ली हैं। अतिरिक्त पुलिस लवाजमा भी मंगलवार देर शाम तक लौट गया।
आज दिन भर मेला क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं की भीड़ रही। महिलाओं ने मेले में जमकर खरीदारी की। अधिकांश युवतियों ने हाट बाजार से साज-सज्जा का सामान खरीदा। काश्तकारों ने खेती का सामान खरीदा। ग्रामीणों ने हवाई झूले का आनंद लिया तथा सर्कस का लुत्फ उठाया। मेला क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने भी खरीदारी करने के साथ मेले का लुप्त उठाया।
मृग चर्म स्नान
कार्तिक पूर्णिमा के महास्नान के बाद मंगलवार को मृग चर्म स्नान हुआ। श्रद्धालुओं ने लौटने से पहले सरोवर के जल कुंडों में डूबकी लगा मृगचर्म से पवित्र छींटे लगाए।
विदेशी और पशु लौटे
अधिकांश विदेशी पर्यटक भी लौट गए हैं। कुछ पर्यटक ही बाजार में घूमते नजर आए। होटलें खाली हो गई हैं। पर्यटक ग्राम में तम्बू समेटने शुरू हो गए हैं। पशुपालक अपने जानवरों को लेकर लौट गए हैं। मेले में इस बार आए करीब 19 हजार 204 जानवरों में से साढ़े सात हजार की खरीद-—फरोख्त हुई। पशुओं के लौटने के साथ ही सन्नाटा पसर गया है।
एक भी अधिकारी नजर नहीं आया
मेला संपन्न होने के साथ ही अफसर हेड क्वाटर पहुंच गए। दिन भर चहल -पहल के बावजूद कोई अफसर नजर नहीं आया।
कीटनाशी छिड़कने की मांग
मेले के बाद गंदगी व कचरे के कारण मक्खी मच्छर, लार्वा से बचाव के लिए लोगों ने पालिका एवं चिकित्सा विभाग से कीट नाशी का छिड़काव एवं फोगिंग स्र्पे कराने की मांग की है।