अजमेर. पाल बीसला में मेलजोल बढ़ाकर बाद में पीछा छुड़ाने की विवाहिता की कोशिश से नाराज युवक ने मंगलवार को उसपर केरोसीन डालकर आग लगा दी। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
क्लाक टावर थाने के एसएचओ प्रमोद स्वामी ने बताया कि जेएलएन अस्पताल से बिहार निवासी हाल डिग्गी चौक निवासी हसरत पत्नी रफीक के झुलसकर भर्ती होने की सूचना मिली थी। सूचना पर एसआई इस्माइल खां ने अस्पताल में पीड़िता के बयान लिए। उसने बयानों में बताया कि करीब पांच साल पहले वह अपने परिवार के साथ पाल बीसला क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। वहां महावीर मेघवंशी नाम के युवक से ्रउसका मेलजोल बढ़ने लगा, इस पर परिवारजनों ने नाराजगी जाहिर की तो वह वहां से मकान खाली कर परिवार के साथ डिग्गी चौक में रहने लगी। महावीर ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा।
रोजाना मकान पर आकर परेशान करने लगा। सोमवार को वह महावीर को समझाने उसके घर गई तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। आवेश में आकर उसने केरोसीन डालकर आग लगा दी। घटना के बाद महावीर मौके से फरार हो गया। बाद में महावीर मेघवंशी को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया।