रहली. रमखिरिया गांव में मंगलवार की रात घर में घुसकर एक वृद्धा की हत्या कर दी गई। आरोपी वृद्धा के हाथ से चांदी के चूड़ी एवं पैर से टोडर भी उतार ले गए।
जानकारी के मुताबिक रमखिरिया गांव में 80 वर्षीय छलोनी प्रजापति रात में अकेली थी, उसका पति परसादी रिश्तेदारी में गया था। वृद्ध दंपती के यहां संतान न होने से छलोनी अकेली थी।
तभी रात में कुछ अज्ञात लोग घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और उन्होंने छलोनी बाई की हत्या कर दी। वे जेवर भी लूट ले गए। सुबह कोटवार ने घर के दरवाजे खुले देखे। उसने भीतर झांकर देखा तो वृद्धा की लाश पड़ी थी। उसने पुलिस को सूचना दी। टीआई जीपी शर्मा ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वाड ने किया है। प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।