सागर. सागर मेडिकल कॉलेज के गुरुवार को होने जा रहे लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारी तेज हो गई है। मंगलवार को प्रदेश के आवास एवं पर्यावरण मंत्री जयंत मलैया ने कॉलेज व मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए तय मैदान का निरीक्षण किया । उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा जानी। इस मौके पर सांसद भूपेंद्रसिंह, विधायक शैलेंद्र जैन, भानु राणा, एवं महापौर प्रदीप लारिया भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि 5 नवंबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह बतौर मुख्य अतिथि सागर मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करने आ रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा शिक्षा मंत्री अनूप मिश्रा करेंगे।
जनप्रतिनिधियों का आभार जताया- कॉलेज के काउंसिल कक्ष में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री मलैया ने कहा कि प्रदेश में 47 साल बाद पहला सरकारी मेडिकल कॉलेज खुला है। इसके लिए किए गए संघर्ष में वह खुद भी शामिल थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हमें अल्प समय में इतनी बड़ी सौगात दी है, जिसे लेकर सागर ही नहीं पूरा बुंदेलखंड अभिभूत है। इससे पहले उन्होंने कॉलेज को शुरू कराने के लिए प्रदेश भाजपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एवं क्षेत्र के सांसद-विधायकों के प्रयासों पर आभार जताया।
प्रशासनिक अधिकारियों से की चर्चा-पत्रकारों से चर्चा के बाद श्री मलैया ने कमिश्नर एसके वेद, एसपी योगेश चौधरी,अपर कलेक्टर राजेश कौल, एसडीएम अरुण परमार, हाउसिंग बोर्ड के डिप्टी कमिश्नर आरसी जैन, ईपीआईएल के जनरल मैनेजर सुनील बठीजा से संयुक्त रूप से तैयारियों पर चर्चा की।
पदाधिकारियों के साथ की तैयारी की समीक्षा-श्री मलैया ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सिंह एवं जिलाध्यक्ष शैलेंद्र जैन के साथ बैठकर जनसभा की तैयारियों की समीक्षा की। प्रदेश महामंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से कहा कि वह घर-घर जाकर नागरिकों को आमंत्रित करें।
जिलाध्यक्ष श्री जैन ने कहा कि कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की मौजूदगी आपकी मेहनत का प्रमाण बनेगी। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों से वाहन व्यवस्था से लेकर अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। बैठक में पार्टी के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद थे।
लोकार्पण के बहाने चुनावी तैयारी
स्थानीय निकाय के चुनावों की फिलहाल कोई तारीख घोषित नहीं हुई है लेकिन लोकार्पण कार्यक्रम के बहाने नगरीय क्षेत्र के नए व पुराने छोटे-मंझोले नेताओं की राजनीति में उबाल आ गया है।
शहर की सरकारी-गैर सरकारी दीवारें हों या गली-कूचे मुख्यमंत्री के स्वागत-अभिनंदन की आड़ में इन नेतागणों व महिला परिजनों के नाम से रंग गए हैं। कई इलाकों में एक साथ दो-दो ऑटो लाउड स्पीकर लगाकर लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। तिली क्षेत्र के एक कार्यकर्ता ने तो इस कार्यक्रम के लिए अलग से निमंत्रण पत्र भी वितरित कर दिए हैं।
इस निमंत्रण पत्र में कार्यकर्ता ने स्वयं की एक बड़ी सी फोटो लगाकर क्षेत्र की जनता से कार्यक्रम में शरीक होने की अपील की है। इस तरह कई नए नेता सामने आने लगे हैं। इन्हें शहर में ही बहुत से वरिष्ठ नेता नहीं जानते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस कार्यक्रम को लेकर कम हलचल नहीं है। जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में लोगों को शामिल करा कर मनचाहे टिकट की दावेदारी के लिए गांवों में ट्रैक्टरों और जीपों की व्यवस्था में जुट गए हैं।