अलवर. नगर परिषद चुनाव के लिए टिकटों का अभी बंटवारा भी नहीं हुआ है और इससे पूर्व भाजपा पदाधिकारियों में खटपट हो गई है। यह खटपट अलवर नगर परिषद के चुनाव प्रभारी फूलचंद भिंडा और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय शर्मा के बीच किसी बात को लेकर हुई बताते हैं। इस वजह से चुनाव प्रभारी के अलवर दौरे के समय पार्टी जिलाध्यक्ष पूरे दिन नदारद रहे। इसकी पार्टी पदाधिकारियों में दिनभर चर्चा रही।
नगर परिषद चुनावों में टिकट चाहने वालों से मिलने और उनका बायोडाटा लेने के लिए फूलचंद भिंडा मंगलवार को दोपहर में यहां पहुंच गए थे। बाद में वे केडलगंज स्थित पार्टी कार्यालय में पूरे दिन कार्यकर्ताओं व टिकटार्थियों से मिलते रहे लेकिन जिलाध्यक्ष संजय शर्मा नहीं आए। भिंडा के साथ शहर विधायक बनवारी लाल सिंघल सभापति अजय अग्रवाल, शहर अध्यक्ष केजी खंडेलवाल सहित उपाध्यक्ष घासीराम गुप्ता आदि ने बंद कमरे में टिकट चाहने वालों से बातचीत की।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय शर्मा को बार-बार मोबाइल पर कॉल किया गया लेकिन उन्होंने किसी से बात नहीं की। देर रात तक शर्मा के मोबाइल पर कॉल किया गया तब भी उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसी जानकारी मिली है कि संजय शर्मा और भिंडा में किसी बात को लेकर अनबन हो गई जिससे संजय शर्मा ने दिनभर उनसे दूरी बनाए रखी।
हालांकि फूलचंद भिंडा ने किसी भी तकरार या मतभेद से इनकार किया है लेकिन चुनाव प्रभारी के आने के समय संजय शर्मा के गायब रहने की बात से चुनाव से पहले ही खटपट उजागर हो गई है।