भीलवाड़ा. आबकारी विभाग के दल ने मंगलवार सुबह भदालीखेड़ा चौराहे पर नाकाबंदी कर एक ट्रक से अंग्रेजी शराब की 1220 पेटियां बरामद की। चालक व खलासी को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया गया। शराब की कीमत 31 लाख रुपए बताई गई है।
जिला आबकारी अधिकारी डीएल गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि मध्यप्रदेश से एक ट्रक अंग्रेजी शराब लादकर भीलवाड़ा की ओर आ रहा है। सूचना पर निरीक्षक देवेन्द्र गिरी व थानेदार नंदलाल ने भदालीखेड़ा चौराहे पर नाकाबंदी की।
इस दौरान गौरवपथ की ओर से आए ट्रक जीजे 06- डब्लू- 2329 को रोका, तलाशी लेने पर उसमें शराब के 1220 कट्र्न भरे मिले। इनमें बाम्बे व्हीस्की व बाम्बे रम ब्रांड के 58 हजार 560 पव्वे थे।
दल ने मध्यप्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पगरावतकल निवासी चालक जयपाल सिंह पुत्र रामप्रसाद खाती व मोडूंदी, छिंदवाड़ा निवासी खलासी दिनेश पुत्र पंडेरी पंवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। गुप्ता ने शराब की कीमत 31 लाख रुपए बताई है।
अरूणाचल प्रदेश में करनी थी सप्लाई
आबकारी अधिकारियों को गिरफ्तार चालक-खलासी ने बताया कि बरामद शराब उन्होंने इंदौर जिले के बड़वा इलाके में स्थित एक फैक्ट्री से ट्रक में लदान की थी। शराब की सप्लाई अरूणाचल प्रदेश में की जानी थी।
मोबाइल पर मिल रहे थे दिशा-निर्देश
ट्रक चालक व खलासी को तस्करों के दिशा-निर्देश मोबाइल पर मिल रहे थे। तस्करों ने आरोपियों को भीलवाड़ा क्रोस करने के बाद बात करने के लिए कहा था, लेकिन इससे पहले ही वे पकड़े गए।
लड्डू सेठ है तस्कर
बरामद शराब इंदौर के लड्डू सेठ ने भरवाई थी। उसी के कहे अनुसार शराब अरूणाचल प्रदेश ले जाई जा रही थी। वहां सप्लाई किसे करनी थी, इसकी जानकारी लड्डू सेठ ने उन्हें नहीं दी। यह खुलासा आरोपियों ने आबकारी दल की ओर से की गई पूछताछ में किया।
एक दल लड्डू सेठ का पता लगाने व मौका तस्दीक करने मध्यप्रदेश भेजा जाएगा। उधर, आबकारी अधिकारियों का कहना है कि चालक व खलासी उन्हें गुमराह करने के लिए लड्डू सेठ का नाम बता रहे हैं, इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं हो सकता है। फिर भी जांच की जाएगी।