सीकर. मौसम के बदलते मिजाज से दिन में धूप की चुभन महसूस होने लगी है। पारे में उतार-चढ़ाव से दिन में गर्मी तो रात को सर्दी बनी हुई है। रात का तापमान बढ़ने से सर्दी कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह दौर अभी तीन दिन तक बने रहने की संभावना है। पिछले दिनों पारे में गिरावट के साथ ही अचानक गुलाबी सर्दी ने जोर पकड़ लिया।
वहीं चार-पांच रोज से तापमान फिर बढ़ने लगा है। चूरू मौसम विभाग के जिलेसिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम करवट बदल रहा है। तीन रोज से क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बनी हुई है। हल्के बादल छाए रहने से रात्रि को तापमान बढ़ने लगा है। वहीं दिन और रात के तापमान का अंतर कम होने लगा है। बादल गहरे होने से मावठ की संभावना भी बढ़ जाती है, लेकिन अभी यह स्थिति नहीं है।
नियंत्रित रहती है सर्दी
पश्चिमी विक्षोभ सर्दी को नियंत्रित बनाए रखते हैं। शीत ऋतु के दौरान सप्ताह में एक दिन पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बनती है। इससे तेजी से बढ़ रही सर्दी पर नियंत्रण होता है।
दिन-रात बदलता मौसम
रात के तापमान में हो रहे परिवर्तन से सर्दी का असर कम हो गया है। सोमवार को अधिकत्तम 33.3 व न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रहा।