सीकर. शहर के मोहल्ला नायकान में फूड प्वाइजनिंग से हुई मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम पीड़ित के घर पहुंची। मेडिकल टीम ने परिवार के मुखिया परमेश्वरलाल के बयान लिए और कोतवाली में परिवार की ओर से दिए गए पीपों से सैंपल लिए।
इधर, पुलिस सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही कार्रवाई आगे बढ़ेगी। डिप्टी सीएमएचओ डा. बीएल सैनी ने बताया कि परमेश्वरलाल के घर में खाने-पीने का बचा हुआ सामान नहीं मिला है। ऐसे में घर से किसी तरह के सैंपल नहीं लिए जा सके।
परिवार के लोगों से बयान लेकर हिस्ट्री जानी गई है। शहर कोतवाली पुलिस के द्वारा परमेश्वर के घर से जब्त पीपों से फूड इंस्पेक्टर ने तीन सैंपल लिए हैं, जिन्हें जयपुर भिजवाया है। सोमवार को लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट भी मांगी जा रही है। सिटी डीएसपी योगेंद्र फौजदार ने बताया कि सोमवार को लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट आने पर ही आगे कार्रवाई हो पाएगी। मेडिकल टीम से लगातार संपर्क में है।
गौरतलब है कि शहर के नायकान मोहल्ले में शादी का खाना खाने से कई लोग उल्टी-दस्त के शिकार हो गए थे। फूड प्वाइजनिंग से भंवरी देवी की मौत हो गई, जबकि उसी परिवार की एक महिला और किशोरी को गंभीर हालत में जयपुर रैफर कर दिया गया। इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने सालासर बस स्टैंड, रामलीला मैदान और जाटिया बाजार में तीन दुकानों पर छापे मारे और सैंपल भरे थे।