भिलाई. वैशाली नगर विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार को कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। प्रदेशभर के नेता व विधायक तो पहले से ही मोर्चा संभाले हुए हैं आज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी तीन अलग-अलग स्थानों में चुनावी सभा को संबोधित किया। सभी वरिष्ठ नेताओं की एकसाथ मंच पर उपस्थिति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा, महासचिव व छत्तीसगढ़ के प्रभारी वी नारायाण सामी, सचिव मिर्जा इरशाद बेग, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धनेंद्र साहू, कार्यकारी अध्यक्ष चरणदास महंत व सत्यनारायण शर्मा, नेता प्रतिपक्ष रविंद्र चौबे, पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा, प्रदीप चौबे, कोषाध्यक्ष घनाराम साहू, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण वोरा, पूर्व विधायक भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू, रेणु जोगी, पदमा मनहर, अमितेश शुक्ला, राजकुमारी दीवान, शिवकुमार डहरिया, डीपी धृतलहरे, सहित अन्य पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
सबसे पहले वरिष्ठ नेताओं ने नेहरू नगर चौक स्थित केंद्रीय चुनाव कार्यालय में बैठक ली। इसके बाद कृष्णा नगर सुपेला, सकरुलर मार्केट और हाउसिंग बोर्ड में चुनावी साभाएं ली। सभी नेताओं ने भाजपा सरकार की जमकर आलोचना की और केंद्र की कांग्रेस नेतृत्व यूपीए सरकार की कथित सुशासन की दुहाई देते हुए जनता से कांग्रेस के पक्ष में समर्थन मांगा। श्री वोरा ने कहा कि हालांकि यह उपचुनाव है, लेकिन बहुत महत्वपूर्ण है।