ग्वालियर. मुरार थाना क्षेत्र में दो पक्षों में भूखंड को लेकर खूनी विवाद हो गया। इस दौरान गोली चलने से एक युवक घायल हुआ है। घोसीपुरा निवासी आशाराम गुर्जर का अपने पड़ोसी भंवर सिंह राणा से मोहल्ले के एक प्लाट को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार की शाम दोनों पड़ोसियों में कहासुनी हो गई। फिलहाल तो मामला शांत हो गया, लेकिन रात में भंवर सिंह पक्ष के आधा दर्जन लोग हथियारों से लैस होकर आशाराम के घर पर आ धमके और गोलियां चला दीं।
गोलियों की आवाज सुनकर आशाराम के परिवारीजन जब घर से बाहर निकले तो इसदौरान एक गोली इनके भानजे दामाद गजेन्द्र सिंह को लग गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने भंवर सिंह, देवेन्द्र सिंह व शंकर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया।