भिलाई. प्रत्याशी जागेश्वर साहू ने मंगलवार को शीतला माता मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद जनसंपर्क शुरू किया। अटल आवास कुरूद में बूथ 116 व 123 के कार्यकर्ताओं ने तिलक लगाकर श्री साहू का स्वागत किया। जनता से रू-ब-रू होते हुए श्री साहू ने कहा कि गरीबों को भोजन का अधिकार दिलाने की जनता की मांग अभी केवल संसद के गलियारों और किताबों तक ही सीमित है, जबकि डा.रमन सिंह ने प्रदेश में जमीनी स्तर पर इसकी शुरुआत कर दी है।
देश में पहली बार गरीबों को भोजन का अधिकार देने रमन सरकार शीघ्र ही कानून बनाने जा रही है। प्रदेश भर की शहरी तंग बस्तियों के ढाईलाख गरीब परिवारों को स्वच्छ पेयजल के लिए निशुल्क नल कनेक्शन देने की भागीरथी नल जल योजना लागू की गई है। श्री साहू ने कहा कि वैशाली नगर में विकास की गंगा बहाने के लिए भाजपा को वोट दें जिससे शहरी विधानसभाओं में यह विकास माडल बन सके।
वार्ड क्रमांक एक जुनवानी खमरिया, गुरुघासीदास नगर वार्ड क्र. 15 में जनसंपर्क के दौरान सतनामी समाज के जैतखाम के समक्ष नतमस्तक होकर समाज के प्रमुखों से विजयी बनाने अपील की। भाजपा प्रत्याशी जागेश्वर साहू ने कहा कि गुरु घासीदास के संदेश मनखे-मनखे एक समान से प्रेरित होकर प्रदेश की भाजपा सरकार के मुखिया डॉ. रमन सिंह ने सामाजिक समरसता को स्थापित कर सतनामी समाज के हित में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।