ग्वालियर. गृह क्लेश से तंग आकर एसएएफ के जवान ने द्वितीय वाहिनी के फार्म हाउस पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है जिसमें आत्महत्या का कारण घरेलू विवाद बताया है।
थाना प्रभारी माधौगंज शिवपाल सिंह कुशवाह के अनुसार, द्वितीय वाहिनी एसएएफ में पदस्थ जवान रूप सिंह बघेले (50) पुत्र डालचंद का शव मंगलवार की सुबह वाहिनी के फार्महाउस में बोरिंग के पाइप से रस्सी पर झूलता मिला।
मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें पत्नी व बच्चों के रोज-रोज के झगड़े से उकता कर जान देना कारण बताया है। करीब बीस साल पहले पत्नी के देहांत के बाद रूप सिंह ने अपनी विधवा भाभी से शादी कर ली थी।
पहली पत्नी से एक बेटा व दूसरी से भी एक बेटा है। पुलिस के अनुसार रूप सिंह की शराब पीने की आदत से परिवार परेशान था और इसको लेकर आए दिन झगड़े होते थे। सोमवार की रात रूप सिंह जब शराब पीकर घर पहुंचा तो विवाद हुआ। इसके बाद वह फार्महाउस पहुंचा और फांसी पर झूल गया।
गृह क्लेश से परेशान पुलिसकर्मी
हाल के वर्षो में कई पुलिसकर्मी गृहक्लेश के कारण मौत को गले लगा चुके हैं। पिछले वर्ष 6 मई को मालनपुर थाना प्रभारी रमाकांत वाजपेयी ने थाना परिसर स्थित निवास में जहर निगलकर जान दे दी थी। पिछले ही वर्ष मुरार थाना क्षेत्र में एक सिपाही ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। वह पत्नी के बार-बार मायके जाने से क्षुब्ध था।
छह माह पूर्व मोतीमहल स्थित कोषालय पर तैनात सिपाही भैरवनाथ ने अपनी सरकारी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। वह अपने दोनों बेटों की बेरोजगारी से परेशान था।