सिनेमाहाल में बजरंगियों ने की तोड़फोड़
भास्कर न्यूज Wednesday, November 04, 2009 09:13 [IST]  

दुर्ग. मंगलवार की सुबह 11.30 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता तरूण एडलैब पहुंचे। उन्होंने फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग करते हुए नारेबाजी की। उनका विरोध फिल्म के एक गाने में हनुमान चालीसा का दोहा पढ़ते हुए कलाकार द्वारा जूते पहने होने पर था। नारेबाजी के बाद वे थियेटर के काउंटर पर लगे कांच को हाकी स्टिक और लाठी से तोड़ने लगे।



हमले से घबराकर काउंटर में बैठे दो कर्मी भाग खड़े हुए। बजरंगियों ने वहां रखे कंप्यूटर के मानीटर और टिकट मशीन को क्षति पहुंचाई। इसके बाद उन्होने प्रवेश द्वार में लगे कांच एवं सिक्यूरिटी रूम में तोड़फोड़ की। बाद में थियेटर के मुख्य प्रवेश द्वार के उपर लगे फिल्म के पोस्टर फाड़कर उसे जलाया। इससे परिसर में तनाव का वातावरण निर्मित हो गया और फिल्म देखने आए दर्शक भी भाग खड़े हुए।



घटना की जानकारी मिलते ही मोहन नगर थाने से पुलिस बल थियेटर पहुंच बजरंगियों को शांत किया। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने कलेक्टोरेट जा रहे थे। पुराना बस स्टैंड के पास पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।



मोहन नगर थाना प्रभारी एएस खान ने बताया कि बजरंग दल के संयोजक गोविन्द राज नायडू सहित 31 लोगों के खिलाफ भादंवि की धारा 147, 448, 427 के तहत कार्रवाई की गई है। धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। यहां से इन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया।



तीन दिन पहले दी गई थी चेतावनी



बजरंग दल के संयोजक गोविंदराज नायडू ने बताया कि लंदन ड्रीम्स का प्रदर्शन बीते शुक्रवार से तरुण एडलैब में शुरु हुआ। हनुमान चालीसा गाने की शिकायत के बाद टाकीज प्रबंधन को फिल्म से उस दृश्य से हटाए जाने की मांग की गई थी। नहीं हटाने पर प्रदर्शन की भी चेतावनी दी गई थी। बावजूद टाकीज प्रबंधन ने उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की और फिल्म का प्रदर्शन आपत्तिजनक दृश्य के साथ जारी रखा। इसके कारण मजबूर उनके संगठन को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा।



सीन पहले ही हटा दिया गया



तरूण एडलैब प्रबंधन ने बताया कि रायपुर में फिल्म के प्रदर्शन के दौरान सोमवार को कुछ लोगों के विरोध के बाद प्रदेश के उन सभी सिनेमा घरों से इस फिल्म के उस हिस्से को हटा दिया गया है। जिसे लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। यह निर्णय उनके यहां भी अमल में लाया गया।



सोमवार को सभी शो में उस दृश्य को नहीं दिखाया गया। मंगलवार को कुछ लोग अचानक थियेटर पहुंचे और बिना किसी से बातचीत किए नारेबाजी करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे प्रबंधन को लगभग दो लाख का नुकसान हुआ।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: