बस मैनेजर की रहस्यमय मौत
Bhaskar News Wednesday, November 04, 2009 09:15 [IST]  

ग्वालियर. ट्रेवल्स मैनेजर की रहस्यमय मौत होने के बाद परिजनों ने जिंसी रोड स्थित ट्रेवल्स कंपनी के सामने शव रखकर जाम लगा दिया, इस दौरान कुछ लोगों ने बस में तोड़फोड़ भी कर दी।



परिजन मौत के लिए बस मालिक को जिम्मेदार बताते हुए उसे गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। हंगामे के कारण करीब एक घंटे तक जिंसी नाला रोड व शिन्दे की छावनी पर यातायात अवरुद्घ हो गया। अमृतलाल निवासी नाका चंद्रवदनी मंगलवार दोपहर यातायात नगर में कल्पना ट्रेवल्स की बस एमपी-36-0160 की चपेट में आकर घायल हो गया था।



वह कल्पना ट्रेवल्स में कई वषर्रें से काम कर रहा था। दोपहर को उसे घायलावस्था में ट्रेवल्स मालिक घर छोड़ आए। परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।



शाम को पांच बजे परिजन शव को जिंसी नाला रोड स्थित ट्रेवल्स ऑफिस के सामने ले आए और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस बीच भीड़ में कुछ लोगों ने यहां खड़ी ट्रेवल्स की एक बस में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पाकर इंदरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन भीड़ में शामिल लोग बस में आग लगाने पर आमादा थे।



पुलिस की समझाइश से आधा घंटे बाद हंगामा शांत हो गया। मृतक के परिजन बस मालिक पर मामला दर्ज कराने की मांग कर रहे थे बहोड़ापुर थाना प्रभारी अशोक सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात बस ड्रायवर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।




दोनों ओर लगा लंबा जाम: शव रखकर जाम लगाए जाने के कारण जिंसी नाला रोड पर शिन्दे की छावनी, जयेन्द्रगंज व हुजरात चौराहे तक वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: