रायगढ़. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मड़वाताल निवासी गौरव उरांव का बेटा विजय उरांव पिछले कई दिनों से उसके चचेरे भाई जुगन तिर्की पिता समारू के ऊपर उसके मकान में लगे बिजली कनेक्शन को छेड़खानी करने का आरोप लगाकर झगड़ा किया करता था। सोमवार की सुबह भी उसने इसी बात को लेकर जुगन के साथ लड़ाई-झगड़ा किया।
इसी बीच परिवार वालों के सामने आ जाने पर वह वहां से भाग निकला। मंगलवार को फिर सुबह धारदार टंगिया लेकर वह जुगन तिर्की के घर पहुंचा और उससे बिजली कनेक्शन को काटने की बात कहते हुए उसके मकान में लगे इलेक्ट्रिक कनेक्शन को टांगी की वार से क्षतिग्रस्त कर दिया। गुस्से में आग-बबूला विजय उरांव घर के आंगन में बंधे बकरी के बच्चे को भी नहीं बख्शा और धारदार टांगी के वार से उसके प्राण ले लिए।
बकरी को मारे जाने के दौरान वहां उपस्थित जुगन की मां बुधनी बाई ने जब उसे ऐसा करने से मना किया तो उसने आवेश में आकर खाना पका रही बुधनी के सर पर टांगी का ऐसा वार किया कि वह वहीं गश खाकर गिर गई। बुधनी के ऊपर कातिलाना हमला करते विजय को परिवार के जुगन, भगन, चुन्ना, लक्ष्मण ने देखा तो उनके आंखों के सामने दहशत छा गई। हत्या को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो रहे विजय को ग्रामीणों की मदद से धर दबोचने के बाद उसे इसकी सूचना पुलिस थाने में दी गई।
मड़वा ताल में हुई हत्या कांड की जानकारी मिलते ही कापू थाना प्रभारी अपने मातहत कर्मचारियों के साथ मौका ए वारदात पहुंचे और गांव वालों के द्वारा पकड़ कर रखे आरोपी को पुलिस की गिरफ्त में लेते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेकर पंचनामे की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल रवाना कर आरोपी विजय पिता गौरव उरांव 45 को भादवि की धारा 302 के तहत उसके चाची के हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर कर लिया है।