निफ्टी 4300 तक फिसल सकता हैः हरिहर
इस समय बाजार में और कमजोरी की संभावना है। कल जिस तरह बड़ी मात्रा में कारोबार के साथ निफ्टी 4700 के स्तर से एकदम फिसल गया, उससे लगता है कि अभी और कमजोरी आयेगी और यह 4300 तक जा सकता है।
इस समय बाजार के ज्यादातर प्रमुख क्षेत्र, जैसे तेल-गैस, धातु, कैपिटल गुड्स और रियल एस्टेट वगैरह काफी कमजोर दिख रहे हैं।अगर कोई बड़ा सकारात्मक संकेत सामने आ जाये, तो जरूर बाजार की गिरावट थम सकती है। लेकिन इस समय ऐसा कोई बड़ा संकेत सामने दिख नहीं रहा है।
बाजार में अब आगे की गिरावट ज्यादा तीखे ढंग से नहीं होगी, बल्कि बाजार धीरे-धीरे फिसलेगा। तकनीकी रूप से बाजार में एक वापस उछाल आने की संभावना जरूर हो सकती है, लेकिन ऐसे किसी मौके का इस्तेमाल बिकवाली के लिए ही करना चाहिए। मेरी सलाह रहेगी कि किसी भी बढ़त में निफ्टी में बिकवाली करके 4300 का लक्ष्य रखा जाये।
टी एस हरिहर आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के सीनियर वीपी हैं।
(© www.ShareManthan.in, 04 नवंबर 2009)











