मुंबई. मनीषा कोईराला गंभीरता के साथ नेपाल की राजनीति में सक्रिय होने के बारे में विचार कर रही हैं। नेपाल की राजनीति में अहम स्थान रखने वाले गिरिजा प्रसाद कोईराला स्मारक के दर्शन के बाद इस बाबत कयास और तेज हो गए हैं। अभी यह तय नहीं हो पाया है कि वह नेपाली कांग्रेस के बैनर तले चुनाव लड़ेंगी या निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर राजनीति में सक्रिय होंगी।
हालांकि इतना जरूर तय है कि मनीषा इस दिशा में जल्द ही अंतिम निर्णय पर पहुंच जाएंगी। काम के सिलसिले में लॉस एंजिलिस जाने वाली मनीषा इस बाबत कहती हैं, ‘मैं राजनीति में जाऊंगी। फिलहाल मेरे पास एक-दो फिल्में हैं, उन्हें पूरा करना मेरी प्राथमिकता है। राजनीति से जुड़ी मेरी योजनाएं अभी प्रारंभिक स्तर पर हैं। मैं इस वक्त इतना जानती हूं कि अगर मैं यह निर्णय करती हूं तो मुझे काफी वक्त काठमांडू में बिताना होगा।’
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले चर्चा थी कि मनीषा अपना बोरिया बिस्तर समेटकर लॉस एंजिलिस को ही स्थाई निवास बनाने की सोच रही हैं। इस बाबत वह स्पष्ट करती हैं, ‘लॉस एंजिलिस में मैं जिस तरह का काम चाहती हूं, उसके मद्देनजर इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। चूंकि मेरे अभिभावक काठमांडू में रह रहे हैं, तो लॉस एंजिलिस में अपने लिए एक महंगा घर लेने का कोई तुक समझ नहीं आता है। फिर जब मैंने देर-सबेर नेपाल की राजनीति में उतरने का मन बना लिया है,तो अपनी योजना को नए सिरे से बनाना होगा।’