मुंबई. कई ऑस्कर प्राप्त हॉलीवुड फिल्म ‘द डिपार्टेड’ को विशाल भारद्वाज हिंदी में बनाने जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने ऋतिक रोशन को साइन किया है, जो मूल फिल्म में लियोनाडरे डिकैप्रियो द्वारा अभिनीत किरदार को परदे पर जीवंत करेंगे।
विशाल भारद्वाज मार्टिन स्कॉर्सीज निर्देशित कई ऑस्कर जीतने वाली फिल्म ‘द डिपार्टेड’ को हिंदी में बनाने जा रहे हैं। बताते हैं कि विशाल ने अपने संस्करण में हॉलीवुड फिल्म में लियोनाडरे डिकैप्रियो द्वारा अभिनीत किरदार निभाने के लिए ऋतिक रोशन को साइन किया है। द डिपार्टेड’ में लियोनाडरे के अतिरिक्त मैट डैमन ने मुख्य किरदारों को निभाया था।
पता चला है कि विशाल की फिल्म की पृष्ठभूमि मुंबई होगी, जहां पुलिस और अंडरवर्ल्ड से जुड़े दो लोग एक-दूसरे की गोपनीय बातों का पता लगाने के लिए परस्पर क्षेत्रों में प्रवेश करते हैं। फिल्म से जुड़े सूत्र के मुताबिक ऋतिक ने विशाल को अगले वर्ष जून के बाद की डेट्स दी हैं। उस वक्त तक वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘गुजारिश’ की शूटिंग से निपट चुके होंगे। विशाल ने अभी तक सिर्फ ऋतिक को ही फाइनल किया है, जो हॉलीवुड फिल्म में लियोनाडरे द्वारा निभाए किरदार को हिंदी संस्करण में परदे पर पेश करेंगे।
ऋतिक को अपने इस पात्र में वास्तविकता का पुट देने के लिए मार्शल आर्ट के अलावा गोली-बंदूक से कलाकारी की अतिरिक्त योग्यता हासिल करनी होगी। इसके लिए विशाल ने प्रोफेशनल्स की सेवाएं लेने का मन बनाया है। इस संदर्भ में अच्छी बात यह है कि तब तक ऋतिक फिट हो जाएंगे। गौरतलब है कि घुटने की चोट के कारण डॉक्टरों ने ऋतिक को जोखिम भरे स्टंट करने से मना किया हुआ है।