टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को ब्रिटेन से ठेका मिलने की खबर के बाद से शेयर बाजार में कंपनी के शेयर में तेजी का रुख है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज सुबह टीसीएस का शेयर 3.34% उछल कर 627.85 रुपये तक चला गया। हालाँकि अब इसकी मजबूती में थोड़ी कमी आयी है और दोपहर 12.22 बजे इसका शेयर 2.55% की मजबूती के साथ 623 रुपये पर है। कल के कारोबार में कंपनी का शेयर 607.50 रुपये पर बंद हुआ था।
खबर है कि टीसीएस को ब्रिटेन में सिटी काउंसिल ऑफ कार्डिफ से करीब 1,160 करोड़ रुपये का सॉफ्टवेयर से संबंधित ठेका हासिल हुआ।
कंपनी ने जुलाई-सितंबर 2009 यानी इस कारोबारी साल की दूसरी तिमाही के दौरान 1,642 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। इसमें साल-दर-साल 29.2% और तिमाही-दर-तिमाही 7.1% बढ़ा है, जबकि बाजार का अनुमान मुनाफे में तिमाही-दर-तिमाही हल्की गिरावट का ही था। ये आँकड़े भारतीय जीएएपी के अनुसार हैं। दूसरी तिमाही की प्रति शेयर आय (ईपीएस) 8.38 रुपये रही है।
कंपनी की तिमाही आमदनी 7,435 करोड़ रुपये रही है। इसमें साल-दर-साल 6.9% और तिमाही-दर-तिमाही 3.2% की बढ़त आयी है। इसका कामकाजी लाभ (ऑपरेटिंग प्रॉफिट तिमाही-दर-तिमाही 9.16% बढ़त के साथ 1,953 करोड़ रुपये हो गया है। (© www.ShareManthan.in, 04 नवंबर 2009)