भोपाल. आयोग द्वारा अगले हफ्ते निकाय चुनाव कार्यक्रम घोषित करने के ऐलान से मप्र सरकार को भी शहरी क्षेत्रों में अपने कार्यक्रम निपटाने के लिए सप्ताहभर का वक्त मिल गया है। इसको देखते हुए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यक्रम भी तय होने लगे हैं। मुख्यमंत्री के पांच दिन का शेड्यूल भी इसी बात की तस्दीक कर रहा है।
इससे पहले यह माना जा रहा था कि आयोग मंगलवार को ही चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है। इसको देखते हुए कई निकायों में भूमिपूजन, शिलान्यास के कार्यक्रम ताबड़तोड़ आयोजित कर लिए गए। जबलपुर में तो महापौर ने सोमवार रात करीब साढ़े10 बजे गोल बाजार में सड़क डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया, हालांकि निगम ने रात में कार्यक्रम आयोजित करने की वजह दिन में कार्यक्रम होने पर ट्रैफिक जाम होने की आशंका बताई है।
शहरों की तरफ रुख
सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देवास में फिल्टर प्लांट, कन्या महाविद्यालय में बने ऑडिटोरियम का लोकार्पण सहित आठ कार्यक्रमों में भाग लिया।
मंगलवार को सीएम ने जबलपुर में सामुदायिक भवन, रेलवे ओवर ब्रिज, सड़क, 400 मकानों की योजना, पानी की टंकी के लिए भूमिपूजन सहित अन्य कार्यक्रमों में शिकरत की। उन्होंने फूड पार्क, ट्रांसपोर्ट नगर सहित अन्य कार्र्यो के लिए राशि की घोषणा करते कहा कि प्रदेश में सबसे पहले जबलपुर स्वर्णिम बनेगा।
बुधवार को ग्वालियर में मुख्यमंत्री के हाथों शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रमों की झड़ी लगेगी। तीन घंटे में वे 14 शिलान्यास, भूमिभूजन व उद्घाटन कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
गुरुवार को सीएम का सतना दौरा प्रस्तावित है।
शुक्रवार को सीएम इंदौर में विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण- शिलान्यास समारोह में भाग लेंगे।
शुक्रवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री बाबूलाल गौर खातेगांव में पानी की टंकी के लोकार्पण व अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।