रायपुर. दिसंबर में होने वाली सेमस्टर परीक्षा का टाइम टेबल जल्द ही घोषित होने वाला है। ऐसे में छात्रों का ज्यादातर समय लाइब्रेरी या इंटरनेट में स्टडी मटेरियल ढूंढने में बीत रहा है। शहर के ज्यादातर इंटरनेट कैफों पर स्टूडेंट्स की भीड़ बढ़ रही है। स्टडी मटेरियल को स्टूडेंट्स अपने पेन ड्राइव में कॉपी करने के साथ ही उसके प्रिंट आउट भी ले रहे हैं। इससे उन्हें पढ़ाई में बड़ी मदद मिल रही है।
छात्र परीक्षा की इस घड़ी में नेट को अपना सबसे अच्छा टीचर मान रहे हैं। इससे उनका सिलेबस भी कंप्लीट हो रहा है। साइंस कॉलेज से पीजी कर रही छात्रा विनिता यदु बताती हैं कि सिलेबस में कई टॉपिक ऐसे भी हैं जिनकी डिटेल्स के लिए उन्हे नेट का सहारा लेना ही पड़ता है। वहीं एमकॉम के छात्र आशीष नथनी बताते हैं कि पूरी क्लास अटैंड न कर पाने की वजह से उनका छूटा हुआ सिलेबस वे नेट से पूरा कर रहे हैं। कई बार तो सर्वर डाउन होने की वजह से एक टॉपिक के लिए घंटों नेट पर ही रहना पड़ता है। छत्तीसगढ़ कॉलेज के छात्र प्रमोद कौशिक कहते हैं कि परीक्षा के दिनों में सिलेबस से जुड़ी सारी जानकारी नेट से आसानी से ली जा सकती है जो परीक्षा की तैयारी बेहतर ढंग से करने में काफी मददगार साबित हो रहा है।
फोटो कॉपी और प्रिंट आउट का भी सहारा
सिलेबस का टॉपिक मिलते ही छात्र इतने खुश हो जाते हैं कि वे तुरंत उसका प्रिंट ले लेते हैं या फिर पेन ड्राइव और सीडी मे मेटर लोड कर घर में ही परीक्षा की तैयारी करते हैं। वैसे भी अधिकतर विद्यार्थी टाइम बचाने के लिए नोट्स लिखना नहीं चाहते। ऐसे में वे फोटो कॉपी और प्रिंट आउट का सहारा लेते है। हालांकि इन्हीं विद्यार्थियों का कहना है कि इससे समय की बचत होती है। और परीक्षा की तैयारी के लिए काफी समय मिल जाता है। एमए प्रीवियस के छात्र अमित कापसे कहते हैं कि उन्होंने अपने मेटर को पेन ड्राइव में लोड कर लिया है इससे वे इसे कॉलेज के लैब और घर के सिस्टम पर आसानी से रीड कर लेते हैं। दोस्तों को भी इसकी जरूरत होती है तो वे उन्हे प्रिंट आउट दे देते हैं। रंजना आहुवालिया कहती है कि नेट से मिली जानकारी का प्रिंट लेकर पढ़ाई करती हैं, इससे नई जानकारी भी मिलती है और तैयारी भी अच्छी हो जाती है।