भोपाल. राजधानी के ज्यादातर कॉलेजों में भले ही विद्यार्थियों ने परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हों, लेकिन अभी तक विभिन्न कारणों से परीक्षा की तिथि घोषित न होने से वे टेंशन और कन्फ्यूजन में हैं।
यही वजह है कि हाल ही में कैम्पस में मनाए गए युवा उत्सव में उनकी कोई खास रुचि नजर नहीं आई। हालांकि परीक्षा को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रबंधन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।करियर कॉलेज से बीएससी (कम्प्यूटर साइंस) के चंद्र कुमार मौर्य बताते हैं कि परीक्षा तैयारी जोरों पर है, तारीख तय न होने से ग्रुप के बीच भय की स्थिति बनना शुरू हो गई है।
आनंद विहार कॉलेज से बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा सुमिता वर्मा कहती हैं कि परीक्षा के लिए वे कॉलेज के अलावा चार से पांच घंटे पढ़ाई कर रही हैं। उनका उद्देश्य है कि वे इस साल कम से कम 80 प्रतिशत अंक हासिल करें। एमवीएम कॉलेज से बीएससी कर रहे अमित रावत का कहना है कोर्स लगभग पूरा होने को है, लेकिन परीक्षा की तारीख पता न होने के चलते पढ़ाई में मन लगाना मुश्किल हो रहा है।
बीएसएसएस कॉलेज से बीकॉम कर रहे आदित्य शर्मा ने बताया कि परीक्षा का लेट होना उनके हिसाब से अच्छा ही है। इससे विद्यार्थियों को तैयारी के लिए कुछ समय और मिल जाएगा।
हालांकि इस बता से इंकार नहीं किया जा सकता कि परीक्षा कभी भी हो, तैयारी तो पूरी होनी ही चाहिए। करियर कॉलेज से बीएससी (बायोटेक) की पढ़ाई कर रहीं अकांक्षा ठाकरे कहती हैं कि ज्यादातर समय लाइब्रेरी और क्लास में ही बीतता है। इस तैयारी के बावजूद परीक्षा की तारीख सभी के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।