ढाका। बांग्लादेश की सुप्रीम कोर्ट ने देश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की हत्या के दोषी पांच पूर्व सैन्य अधिकारियों की अंतिम अपील पर जल्द ही फैसला सुनाने का फैसला लिया है और तब तक उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ये पांचों दोषी लेफ्टिनेंट कर्नल सईद फारुक रहमान, लेफ्टिनेंट कर्नल शहरियार राशिद खान, लेफ्टिनेंट कर्नल मोहिउद्दीन अहमद, लेफ्टिनेंट कर्नल एकेएम मोहिद्दीन और मेजर बजलुल हुदा हैं। इन सभी को देश की मुख्य सेंट्रल जेल में रखा गया है।
सुरक्षा एजेंसियों ने आशंका जताई है कि अंतिम सुनवाई के मद्देनजर गड़बडी़ हो सकती है। बंगबंधु हत्याकांड मामले के तीन दोषियों के चार करीबी संबंधियों तथा फ्रीडम पार्टी के दो कार्यकर्ताओं को तापोश पर हमले के बाद गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि हाल ही में एक सत्तारूढ़ सांसद और अभियोजन पक्ष के प्रमुख वकील फैजल नूर तापोश पर बम हमला किया गया था, जिसके बाद पांचों दोषियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
शेख मुजीबुर की हत्या मामले में कथित तौर पर लिप्त छह अन्य संदिग्ध अधिकारी अब तक फरार हैं। इनमें बर्खास्त लेफ्टिनेंट कर्नल खुंदकर अब्दुर राशिद, एसएचएमबी नूर चौधरी, शरीफुल हक दालिम, राशिद चौधरी, पूर्व कैप्टन एमए माजिद और पूर्व सैन्य रिसालदार मुस्लिम उद्दीन शामिल हैं। गौरतलब है कि नूर चौधरी ने हुदा के साथ मिल कर बंगबंधु पर गोली चलाई थी।