नई दिल्ली. चंडीगढ़ प्रशासन भले ही यह दावा कर रहा हो कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के कारण मरीज सुमित वर्मा की मौत नहीं हुई, लेकिन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मृतक के परिवार को पत्र लिख कर खेद जताया है।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांग ली थी। उन्होंने बुधवार को खेद जताने के लिए सुमित वर्मा की पत्नी को छह लाइनों का एक पत्र लिखा। उन्होंने लिखा है कि सुरक्षा व्यवस्था के कारण उनके पति का समय पर इलाज नहीं होने पर उन्हें बेहद अफसोस है। वे इस घटना से काफी दुखी हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे इस बात की अत्यंत पीड़ा है कि सुरक्षा व्यवस्था के कारण पैदा हुई रुकावटों की वजह से सुमित समय पर चंडीगढ़ के अस्पताल तक नहीं पहुंच पाए।’
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा है, ‘मैंने अपने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में प्रशासन इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था के दौरान आम जनता के प्रति अधिक संवेदनशीलता से पेश आए।’