रांची/नई दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय ने अपोलो अस्पताल से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को छुट्टी देने से पहले इसकी पूर्व सूचना देने को कहा है। करीब दो हजार करोड़ रुपए के हवाला लेनदेन और अवैधानिक निवेश के आरोपों में घिरे कोड़ा को मंगलवार को हाई ब्लड प्रेशर और पेट दर्द की शिकायत के बाद रांची स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कार्रवाई जारी
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक आईसीयू में भर्ती कोड़ा की हालत अब स्थिर है और अगले एक-दो दिन में उन्हें छुट्टी दी जा सकती है। उधर, रांची में बुधवार को भी आयकर विभाग की छापे की कार्रवाई जारी रही। अधिकारियों ने कोड़ा के निवास स्थित कुछ कमरों और अलमारियों को सील किया। मंगलवार को यहां पहुंचे प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के एक दल ने हवाला लेनदेन से संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में लिए थे। आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ने मामले में पूछताछ के लिए कोड़ा और उनके छह सहयोगियों को समन जारी कर रखा है।