यूके का झांसा देकर ठगी
भास्कर न्यूज Thursday, November 05, 2009 00:50 [IST]  

अम्बाला सिटी. छावनी के एक युवक से आठ लाख की ठगी करने वाले बाप-बेटा लगभग एक माह से फरार चल रहे हैं। दोनों की तलाश में पुलिस कई स्थानों पर छापामारी भी कर चुकी है। मगर अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। हालांकि पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए बाप विजय कपूर ने इलाका मजिस्ट्रेट की कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी दाखिल की थी। मगर कोर्ट ने सुनवाई के बाद अर्जी को खारिज कर दिया है।



कोर्ट में मुद्दई की तरफ से एडवोकेट सुनील आनंद व शैलेंद्र शैली पेश हुए। दयाल बाग निवासी प्रशांत चौधरी का कहना है कि वर्ष 2009 के शुरुआती माह में उसका विदेश जाने का मन बना था। इसके लिए उसने न्यू दिल्ली मान सरोवर के नजदीक रहने वाले विजय कपूर व उसके बेटे राकेश कपूर से मुलाकात की। जिन्होंने उसे सही सलामत विदेश भेजने का पूरा आश्वासन दिलाया।



इसके लिए दोनों ने उसे यूके भेजने के लिए आठ लाख की डिमांड की। सौदा तय होने पर उसने 18 अप्रैल 2009 को इन्हें रकम की अदायगी की। इसके लिए बकायदा दोनों ने उससे सर्टिफिकेट व अन्य कागजात भी ले लिए थे। मगर दो माह तक दोनों ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही उससे कोई बातचीत की। जून माह में जब वह दोनों से मिला तो उन्होंने बहाना बनाकर टाल दिया। लेकिन जुलाई माह में वह फिर दोनों से मिला। मगर दोनों ने उसे विदेश भेजने से साफ इंकार कर दिया।



जब उसने अपने पैसे मांगे तो इन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। खुदा को ठगा महसूस कर वह पुलिस के पास मदद लेने पहुंचा। मगर पुलिस ने भी अपने हाथ खड़े कर दिए थे। फिर उसने अपने अधिवक्ता की मदद से कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट ने सितंबर माह में इलाका पुलिस को बाप-बेटा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के आदेश दिए।



कोर्ट आदेशों की पालना करते हुए पुलिस ने 24 सितंबर 2009 को दोनों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया था। मगर पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। इसी बीच मुकदमे में नामजद आरोपी विजय कपूर ने अग्रिम जमानत अर्जी कोर्ट में दाखिल की। जिस पर बुधवार को सुनवाई होनी थी। कोर्ट ने अंतिम सुनवाई के बाद अर्जी को खारिज कर दिया है। कोर्ट की इस कार्रवाई के बाद आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई है। साथ ही पुलिस ने भी दोनों को गिरफ्तार करने की कवायद तेज कर दी है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: