अम्बाला सिटी. मंगलवार रात सिटी के दिगंबर जैन मंदिर से चोरों ने ताले तोड़कर सोने के छतर व नगदी चुरा ली। वारदात का खुलासा बुधवार सुबह पुजारी के मंदिर में आने पर हुआ। मंदिर के पदाधिकारियों ने चोरी हुए सामान की कीमत लाखों में आंकी है। फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों सहित स्थानीय पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर के पदाधिकारी अरिहंत जैन ने बताया कि मंगलवार रात को वह मंदिर ठीक से लॉक करके गए थे।
बुधवार सुबह उन्हें किसी से सूचना मिली कि मंदिर के मुख्यद्वार पर लगे ताले टूटे हुए हैं। सूचना पाते ही वह मंदिर पहुंचे। जहां ताले टूटे हुए थे और अंदर रखा सामान भी इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने इस बात की जानकारी मंदिर के अन्य पदाधिकारियों को दी। पदाधिकारियों ने बताया कि चोरों ने मंदिर से भगवान की मूर्तियों पर से सोने के छतर व गुल्लक से करीब 15 हजार रुपए की नगदी चुरा ली है।
मंदिर से आभुषण चोरी होने का पता चलते ही पुलिस को सूचित किया गया। फिर बाद में फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों को बुलाया गया। बता दें कि सिटी के मंदिरों में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही है। जिनमें से बहुत सी वारदातों को रिकार्ड में दर्ज नहीं किया गया।
अभी तक पुलिस मंदिरों को अपना निशाना बनाने वाले चोरों को भी काबू नहीं कर पाई है। यही कारण है कि पुलिसिया गश्त का फायदा उठाकर चोर आए दिन किसी न किसी मंदिर को अपना निशाना बना रहे हैं। लिहाजा ऐसे में मंदिर की संस्थाओं को चलाने वाले पदाधिकारियों में खासा रोष है। इस बाबत पुलिस से जल्द चोरी के मामलों को सुलझाने की अपील की गई है।