बढ़त के लिए भिड़ंत आज
हैदराबाद. रोचक दौर में पहुंच चुकी भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे क्रिकेट सीरीज का पांचवां मैच गुरुवार को यहां खेला जाएगा। सात मैचों की सीरीज में दोनों ही टीमें 2-2 की बराबरी पर हैं। लिहाजा दोनों की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में बढ़त लेने की होगी।
मैच में मेजबान टीम पूरी क्षमता के साथ मैदान पर उतरेगी। ऐसे में उसका पलड़ा भारी माना जा सकता है। उसके सभी बल्लेबाज फॉर्म में हैं। गेंदबाज भी लय में हैं। पिछले मैच में चार रन आउट करने से फील्डिंग में भी भरोसा बढ़ा है। ऐसे में महेंद्र सिंह धोनी की बस एक ही चिंता होगी कि उनके खिलाड़ी टीम के तौर पर भी बढ़िया प्रदर्शन करें। लेकिन, ‘घायल’ कंगारुओं ने जिस तरह अनुमानों को झुठलाते हुए मोहाली में चौथा वनडे जीता, उससे उनके हौसले आसमान पर होंगे।
ऑस्ट्रेलिया के आधे खिलाड़ी किसी न किसी चोट की वजह से टीम से बाहर चल रहे हैं। फिर भी उनका प्रदर्शन चैंपियन टीम जैसा ही है।
अब बचे 13 कंगारू
चोटिल ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स के सीरीज से बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम में फिट खिलाड़ियों की संख्या 13 ही रह गई है। ऐसे में कप्तान रिकी पोंटिंग के समक्ष विकल्पों की कमी हो सकती है। वैसे, पोंटिंग इस मैच में क्लिंटन मैक्के या बेन हिल्फेनहॉस को मौका दे सकते हैं।
सचिन पर होगी नजर
वनडे में 17 हजार रन से महज सात रन दूर सचिन तेंडुलकर इस मैच में भी आकर्षण के मुख्य केंद्र होंगे। सीरीज शुरू होने से पहले उन्हें 17 हजार का आंकड़ा छूने के लिए 97 रन की दरकार थी, लेकिन अपेक्षा के विपरीत सचिन पिछले चार मैचों में 90 रन ही बना पाए। भारतीय क्रिकेटप्रेमियों को उनसे इस मैच में बड़ी पारी की उम्मीद है।
इनमें से चुनी जाएंगी टीमें
भारत : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), गौतम गंभीर, सचिन तेंडुलकर, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, सुरेश रैना, विराट कोहली, रवींद्र जडेजा, प्रवीण कुमार, हरभजन सिंह, अमित मिश्रा, आशीष नेहरा, इशांत शर्मा, मुनाफ पटेल, सुदीप त्यागी और दिनेश कार्तिक।
ऑस्ट्रेलिया : रिकी पोंटिंग (कप्तान), माइक हसी (उप कप्तान), शेन वाटसन, शान मार्श, कैमरून व्हाइट, एडम वोगेस, ग्राहम मनोऊ, मिशेल जॉनसन, डग बोलिंगर, नाथन हॉरित्ज, जान हॉलैंड, बेन हिल्फेनहॉस और क्लिंटन मैक्के। (एंड्रयू मैक्डोनाल्ड और बर्ट कॉकली छठे मैच के लिए ही उपलब्ध हो पाएंगे।










