मंडी. प्रदेश के सभी कॉलेजों में आईटी शिक्षा शुरू की जा रही है। यह बात उच्च शिक्षा निदेशक डॉ.ओपी शर्मा ने वल्लभ कॉलेज में आयोजित चार दिवसीय एचपी यूनिवर्सिटी युवा उत्सव ग्रुप-4 के शुभारंभ पर कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 26 कॉलेजों में आईटी की प्रयोगशालाएं शुरू कर दी गई हैं जबकि 13 में प्रयोगशालाएं स्थापित करने का कार्य चल रहा है। सभी कॉलेजों में रोजगारोन्मुख विषय शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि आने वाली युवा पीढ़ी को निजी क्षेत्र की मांग के अनुरूप तैयार किया जा सके।
बढ़-चढ़ कर लें स्टूडेंट्स भाग
डॉ. शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ युवा उत्सवों में स्टूडेंट्स को भाग लेना चाहिए। ऐसे उत्सवों के लिए शिमला व मंडी माकूल स्थल हैं व यहां के प्रतिभावान कलाकारों ने देश व प्रदेश में अपनी कला का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी संस्कृति को एक सूत्र में पिरोए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने प्राध्यपकों का आह्वान किया कि युवाओं में छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए इस तरह की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर एचपी यूनिवर्सिटी के युवा सेवाएं एवं शारीरिक शिक्षा के निदेशक डॉ. सोम शर्मा, कॉलेज की प्रिंसिपल कुसुम बख्शी, नप अध्यक्ष हेमंत राज वैद्य, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के पूर्व निदेशक टीएल वैद्य सहित,प्रो. राकेश कपूर, किरण लोहिया, संजय सहगल, अशोक गोस्वामी, यूडी सांख्यान, पूनम शर्मा व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। इससे पूर्व एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने मंडी विभाग के संगठन मंत्री चमन शर्मा के नेतृत्व में कॉलेज की मांगों से संबंधित ज्ञापन डॉ. ओपी शर्मा को सौंपा। उन्होंने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
आगामी वर्ष से वल्लभ कॉलेज में आईआईटी के पहले सत्र की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। कॉलेज के अन्य स्टूडेंट्स के हितों को भी पूरे ध्यान में रखा जाएगा। स्टूडेंट्स को कक्षाओं में बैठने के लिए कोई परेशानी पेश न आए इस बात का पूरा ख्याल रखा जाएगा। शार्ट टर्म के लिए साइंस ब्लॉक, एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक बनाया जाएगा। पैसों की बिल्कुल कमी आने नहीं दी जाएगी।
डॉ. ओपी शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक