रोहडू. मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि उपचुनाव में रोहड़ूवासी मुझे खुशी बालनाहटा के रूप में एक खुशी दें और उस एक खुशी के बदले में मैं इस क्षेत्र को विकास कार्यो के रूप में मालामाल कर दूंगा।
उन्होंने मतदाताओं को विश्वास दिलाया कि बालनाहटा की जीत के बाद क्षेत्र में विकास कार्याे के नए आयाम स्थापित होंगे। धूमल ने बुधवार को चुनाव प्रचार के दूसरे दिए भाजपा प्रत्याशी खुशी राम बालनाहटा के समर्थन में कई जनसभाएं की।
मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बुधवार को देवीधार, चिड़गांव, मसली और कुटाड़ा में विशाल जन सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी बालनाहटा 25 वर्षो से क्षेत्रवासियों की सेवा कर रहे है। उन्होंने हमेशा मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार रहने वाले अपने राजनीतिक विरोधी का डट कर मुकाबला किया है। लेकिन इस बार परिस्थितियां अलग है।
भाजपा सरकार सत्ता में है यहां से कांग्रेस के पारंपरिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं है व भाजपा सरकार के तीन वषों का कार्यकाल शेष है। इसके अलावा धूमल ने कहा कि लगातार चार बार चुनाव हारते आए भाजपा प्रत्याशी खुशीराम बालनाहटा का रोहडू क्षेत्र से यह अंतिम चुनाव है। इस लिए मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशी खुशी राम बालनाहटा को जिता कर यहां के विकास कार्यो को गति प्रदान करनी चाहिए।
धूमल ने कहा कि बालनाहटा को जिताकर मतदाता यहां का इतिहास और तकदीर बदल दें और वे विकास कार्यों से क्षेत्र की तस्वीर बदल देंगे। उन्होंने कहा कि रोहडू निर्वाचन क्षेत्र में बालनाहटा के लिए उमड़ रहे क्षेत्रवासियों के स्नेह को देखकर लग रहा है कि क्षेत्रीय मतदाता इतिहास बदलकर निर्वाचन क्षेत्र में विकास की एक नई इबारत लिखने की ओर अग्रसर हैं।
चिड़गांव में उन्होंने धमवाडी में लगने वाले 70 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता वाली परियोजना की रुकावट के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। धूमल ने कहा की इस परियोजना का निर्माण कार्य शुरू न होने से क्षेत्रवासियों का विकास अवरुद्ध हुआ है। इसके अलावा धूमल ने पंडित दीन दयाल किसान समृद्धि योजना और दूध गंगा जैसी योजनाओं को भाजपा की उपलब्धि बताया।
इस दौरान सांसद वीरेंद्र कश्यप, स्वास्थय मंत्री राजीव बिंदल, भाजपा प्रत्याशी खुशीराम बालनाहटा, पूर्व शिक्षा मंत्री राधा रमण शास्त्री, चौपाल भाजपा महासचिव लच्छी राम, करसोग के विधायक हिरालाल, ठियोग के विधायक राकेश वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता अपस्थित थे।