जयपुर. मध्यप्रदेश एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) के हत्थे चढ़े चार आरोपियों में से एक आरोपी की राजस्थान एटीएस को तलाश थी। इस संबंध में एटीएस ने गत वर्ष 23 अगस्त को मामला दर्ज कर आरोपी का गिरफ्तारी वारंट लिया था। आरोपी सिमी गतिविधियों में भाग लेने के लिए राजस्थान आता था।
एटीएस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कपिल गर्ग ने बताया कि जबलपुर में एमपी एटीएस की गिरफ्त में आए चार लोगों में से मध्यप्रदेश के खंडवा में गुलशन नगर कॉलोनी मोघट निवासी इनामुर्हमान (26) पर राजस्थान में प्रतिबंधित संगठन सिमी में भाग लेने तथा इसकी गतिविधियां चलाने का आरोप था। इस मामले में 21 आरोपियों में से 13 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपी इनामुर्हमान को पकड़ने के लिए राजस्थान एटीएस की ओर से कोर्ट से वारंट ले रखा है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मध्यप्रदेश एटीएस को सूचनाएं दे रखी थी। आरोपियों से पूछताछ के लिए राजस्थान एटीएस से एक विशेष दल मध्यप्रदेश भेजा जाएगा। एडीजी ने बताया कि सिमी गतिविधियों में भाग लेने के लिए आरोपी कई बार कोटा आया था। जयपुर ब्लास्ट के बाद वह एक दो बार ही आया। जबलपुर में पकड़े गए आरोपियों में से जयपुर सीरियल ब्लास्ट में किसी की भूमिका है या नहीं यह पूछताछ के बाद ही सामने आ पाएगा।