Jaipur
एसएमएस स्कूल के तीन और बच्चों को स्वाइन फ्लू
Bhaskar News Thursday, November 05, 2009 03:02 [IST]  

जयपुर. स्वाइन फ्लू के मरीजों की जांच रिपोर्ट में बुधवार को जयपुर के पांच मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें सवाई मानसिंह स्कूल के तीन छात्र शामिल है। जांच रिपोर्ट के अनुसार स्कूल के तीन विद्यार्थियों को स्वाइन फ्लू पाया गया है।



इसी स्कूल की एक छात्रा का मंगलवार को स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया था। इस बीच बुधवार को कई स्कूलों में बच्चों को निर्देश जारी कर कहा गया है कि तीन दिन से ज्यादा खांसी,जुकाम व बुखार होने पर स्कूल नहीं आए। साथ ही खांसी वाले मरीज से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।



तीन और स्टूडेंट्स को स्वाइन फ्लू



जयपुर. जयपुर में स्वाइन फ्लू तेजी से फैल रहा है। बुधवार को एसएमएस अस्पताल की लैब में स्वाइन फ्लू के सात मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई, जिसमें जयपुर के पांच मरीज शामिल हैं। इनमें एसएमएस स्कूल के तीन और छात्रों को स्वाइन फ्लू पाया गया है।



जांच रिपोर्ट के मुताबिक स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीजों में जयपुर की मोनिका (22) सहित 4 बच्चे शामिल हंै। इसके अलावा एक कोटा व एक जोधपुर के व्यक्ति की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। तीन बच्चे एसएमएस स्कूल के विद्यार्थी हैं। इसी स्कूल की एक छात्रा को मंगलवार को निजी लैब में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए जाने पर स्कूल की एक सप्ताह की छुट्टी घोषित की जा चुकी है।



11 संदिग्धों के सैंपल : बुधवार को एसएमएस स्थित लैब में फ्लू के 11 संदिग्धों के सैंपल लिए गए, जिनमें 8 जयपुर के हैं।



अब तक 310 सैंपल : चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त निदेशक बी.आर.मीणा के अनुसार प्रदेश में स्वाइन फ्लू के अब तक 310 सैंपल लिए जा चुके हैं। जिसमें से 65 पॉजिटिव, 223 नेगेटिव तथा 22 की रिपोर्ट आना शेष है। स्वाइन फ्लू से अब तक 12 मौत हो चुकी हैं। सवाई मानसिंह अस्पताल अधीक्षक के अनुसार वर्तमान में मेडिकल आईसीयू में स्वाइन फ्लू के 6 मरीज भर्ती हैं।



सतर्क हुए स्कूल संचालक



जयपुर. स्वाइन फ्लू के कारण पहली बार शहर के स्कूल में अवकाश के बाद अन्य स्कूल भी एहतियाती कदम उठा रहे हैं। बुधवार को कई स्कूलों में बच्चों को निर्देश जारी कर कहा गया कि तीन दिन से ज्यादा खांसी जुकाम व बुखार होने पर स्कूल में नहीं आएं। साथ ही समय-समय पर हाथ धोने, भीड़ वाले इलाकों से दूर रहने और खांसी वाले मरीज से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।



माहेश्वरी समाज की विद्याधर नगर, चौड़ा रास्ता, तिलक नगर और जवाहर नगर स्थित स्कूलों में बच्चों को सलाह दी गई है कि वे खांसी, बुखार होने पर तुरंत डॉक्टर से जांच कराए। माहेश्वरी समाज शिक्षा समिति के महासचिव प्रदीप बाहेती ने कहा कि सोमवार से बच्चों की डॉक्टरी जांच शुरू की गई है। हिंदुस्तान इंटरनेशनल एकेडमी के डायरेक्टर विजय कटियार ने कहा कि स्कूल में पिछले दो महीने से प्रार्थना बंद है। टैगोर स्कूल्स ऑफ ग्रुप के डायरेक्टर पीडी सिंह ने कहा कि स्कूल में ट्रेंड नर्सिग स्टाफ हर समय मौजूद रहता है, जो बच्चों की स्वास्थ्य जांच करता है।



सैंपल व दवा के लिए दिनभर भटके



स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव पाए गए एसएमएस स्कूल के एक छात्र के परिवारजन बुधवार को पहले सैंपल देने और बाद में दवा लेने के लिए सुबह से देर रात तक शहर में भटकते रहे। परिजनों ने एसएमएस अस्पताल प्रशासन पर समय पर जांच और दवा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है। छात्र की मां अनुराधा सिंह ने बताया कि वे बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे बच्चे को लेकर घर से निकले और रात पौने बारह बजे घर पहुंचे। पूरे दिन वे अस्पतालों और एसएमएस की लैब के बीच चक्कर काटते रहे।



मलेरिया-डेंगू का खतरा भी कायम



शहर में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सात और नए मरीजों की पुष्टि हुई है। चिकित्सा विभाग के अनुसार जयपुर में अब तक डेंगू के 343 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। सवाई मानंिसंह अस्पताल में मलेरिया के अब तक 311 तथा डेंगू के 161 मामले सामने आए हैं। एसएमएस में ही अब तक मलेरिया से 13 तथा डेंगू से तीन मौत हो चुकी है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: