Chandigarh
टीचर राजी करेंगे पंजाब सरकार को
अधीर रोहाल Thursday, November 05, 2009 03:18 [IST]  

चंडीगढ़. पंजाब यूनिवर्सिटी अब सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए नए सिरे से कोशिश की तैयारी में है। कुछ दिनों से हर अहम मौके पर सेंट्रल यूनिवर्सिटी का मुद्दा केंद्र में है। पीयू दोबारा राजनीतिक गलियारों में सुर्खियों में आए इस मुद्दे को बनाए रखना चाहती है।



डेढ़ साल से कई मोर्चो पर सेंट्रल यूनिवर्सिटी का मुद्दा उठाने के बाद पीयू अब कंेद्र और पंजाब सरकार से बातचीत करने वाली है। पीयू प्रशासन और छात्र एक मोर्चे पर तो शिक्षक दूसरे मोर्चे से इसे सिरे चढ़ाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।



सकारात्मक संकेत



पिछले साल अप्रैल में यह मुहिम शुरू हुई थी। सेंट्रल यूनिवर्सिटी की बात एक बार लगभग सिरे चढ़ने के बाद पंजाब सरकार के यू—टर्न से बीच में लटक गई। इसके बाद कई दफा इस मसले को उठाया गया। कुछ दिनों से यह मसला बड़े मौकों पर उठने से पीयू को सकारात्मक संकेत मिले हैं।



कांग्रेस महासचिव और सांसद राहुल गांधी ने पिछले दिनों इस मुद्दे पर पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। इसे सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। इस मसले पर बातचीत के लिए पीयू के दो छात्रों को बुलाया गया है। दोनों छात्र वीरवार को केंद्रीय मानव संसाधनमंत्री कपिल सिब्बल से मिलकर पीयू का पक्ष रखेंगे। पीयू दौरे के दौरान प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की इस मसले पर चुप्पी मामले की संवेदनशीलता की ओर इशारा करती है। इस चुप्पी को विवशता की बजाय प्रधानमंत्री की राजनीतिक सूझबूझ का नतीजा माना जा रहा है।



आज मिलेंगे कपिल सिब्बल से



सेंट्रल यूनिवर्सिटी के मसले पर राहुल गांधी के बुलावे पर पीयू के दो विद्यार्थी वीरवार को दिल्ली में केद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय कपिल सिब्बल से मुलाकात कर सेंट्रल यूनिवर्सिटी बनाने के लिए सहयोग की अपील करेंगे। मास कम्यूनिकेशन की छात्रा शिवानी नेगी और सोपू नेता वरिंद्र ढिल्लों के अलावा एनएसयूआई के पांच कार्यकर्ता भी इस दौरान उनके साथ होंगे।



सिब्बल से सभी की मुलाकात शाम पांच बजे होनी है। शिवानी नेगी लगातार बढ़ रही फीस के बोझ, सुविधाओं की कमी को दूर करके पीयू को नई दिशा देने के लिए सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दर्जे के लिए आग्रह करेंगी। सोपू नेता वरिंद्र ढिल्लों कहते हैं कि इस मुलाकात में पीयू को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा दिलाना ही एकमात्र मुद्दा है।



पंजाब की होगी अहम भूमिका



इस मसले में पंजाब सरकार की भूमिका अहम है। लिहाजा पीयू के शिक्षक अब दोबारा से पंजाब सरकार से सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए समर्थन मांगेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पुटा प्रेसिडेंट प्रो. मनजीत सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात का समय मांगा है। उन्हें बातचीत के लिए आमंत्रित करने के संकेत मिले हैं। इससे लगता है कि पंजाब सरकार ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी के मसले पर पीयू के लिए दरवाजे बंद नही किए हैं। पीयू के अधिकारी दिल्ली में इस मसले पर समर्थन के लिए प्रयास करेंगे। ताजा घटनाक्रम में सेंट्रल यूनिवर्सिटी का मुद्दा ठंड में फिर गर्म हो रहा है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: