इंदौर. इंदौर एटीएस की गिरफ्त में आए सिमी के पांच आतंकवादियों को बुधवार सुबह कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट की मंजूरी लेकर 35 मामलों में वांटेड उज्जैन निवासी दो आरोपियों को गुजरात क्राइम ब्रांच का दल साथ ले गया। बाकी तीन खंडवा निवासी आतंकवादियों को सेंट्रल जेल में रखा गया है।
एटीएस चीफ पवन श्रीवास्तव व एसपी राजेश हिंगणकर की टीम ने 21 अक्टूबर को खजराना दरगाह के पास से सिमी के पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया था। बुधवार सुबह एसपी हिंगणकर ने एटीएस के जवानों के साथ जाकर आतंकियों का मेडिकल भी करवाकर पांचों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को 17 अक्टूबर तक ज्यूडिशियल रिमांड के तहत सेंट्रल जेल भेजने के निर्देश दिए।
फिर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर विनय शुक्ला ने उज्जैन के मोहम्मद शफीक उर्फ दादाभाई उर्फ ठाकुर उर्फ रफीक उर्फ अली पिता अब्दुल बारी अंसारी (31) और मोहम्मद यूनुस उर्फ उमर पिता मोहम्मद साबिर (31) को ले जाने के लिए कोर्ट के समक्ष प्रोडक्शन वारंट प्रस्तुत किया। कोर्ट ने मंजूरी दे दी।
धमाकों की योजना में थे शामिल
इंस्पेक्टर शुक्ला ने बताया दोनों आरोपियों पर अहमदाबाद में बीस तथा सूरत में 15 प्रकरण दर्ज हैं। वहां हुए धमाकों के मामले में पूर्व में पकड़े गए आरोपियों ने योजना बनाने वालों में इनके नामों का खुलासा किया था। इस आधार पर दोनों के विरुद्धA प्रकरण कायम किए गए हैं।
उज्जैन पुलिस भी मांगेगी रिमांड
एसपी की टीम ने आरोपियों को दोपहर करीब 12.30 बजे सेंट्रल जेल के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद गुजरात क्राइम ब्रांच की टीम आई और दोनों आरोपियों को लेकर रवाना हो गई। इससे पहले उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाने से एएसआई जेपी त्रिवेदी भी जेल पहुंचे। उन्होंने बताया चिमनगंज मंडी थाने में भी शफीक के खिलाफ प्रकरण हैं। उसे वे भी प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जाएंगे।