आश्रितों को नौकरी का मामला कमेटी में उठेगा
जोधपुर. विकलांग और बीमार कर्मचारियों के आश्रितों को जोधपुर डिस्कॉम में नौकरी देने का मामला राज्य सरकार द्वारा बनाई गई कोऑर्डिनेशन कमेटी में उठाया जाएगा।
जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक बी.एल.खमेसरा ने बिजली दुर्घटनाओं में हताहत होने और बीमार कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने का मामला राज्य सरकार की कोऑर्डिनेशन कमेटी में उठाने की बात कहीं है।दैनिक भास्कर के 2 नवंबर के अंक में बिना हाथ—पैर कर रहे हैं डयूटी शीर्षक से प्रकाशित समाचार को गंभीरता से लेते हुए खमेसरा ने इसकी तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने के लिए जोधपुर डिस्कॉम के सचिव प्रशासन को निर्देश दे दिए है।
साथ ही पीड़ित कर्मचारियों को राहत देने के लिए यह मसला उच्च अधिकारियों की कोऑर्डिनेशन कमेटी में उठाने के लिए अपने अधीनस्थ अधिकारियों को इस संबंध में रिपोर्ट एकत्रित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने 50 से 58 साल की उम्र में खंभों पर काम करने वाले कर्मचारियों के बारे में कहा कि जिनकी उम्र खंभों पर चढ़ने की नहीं होगी, उनको कार्य में थोड़ी राहत दी जाएगी। चूंकि बिजली सप्लाई आमजन की मूलभूत सुविधाओं में से एक है, इसके लिए मेंटीनेंस और शिकायतों का निवारण भी जरूरी है। इसलिए मजबूरीवश कुछ जगहों पर कर्मचारी खंभों पर चढ़कर काम कर रहे हैं। यह समस्या नई भर्ती के बाद समाप्त हो जाएगी।










