Jodhpur
चूक पर रहेगी नजर
भास्कर न्यूज Thursday, November 05, 2009 04:44 [IST]  

जोधपुर. मथुरादास माथुर अस्पताल के वाडरें में कार्यरत डॉक्टर्स व नर्सेज अपने काम में कोताही नहीं कर सकेंगे। डॉक्टर्स व नर्सेज पर खुफिया नजर रखने के लिए अस्पताल प्रबंधन अब सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। इसकी शुरुआत ट्रोमा सेंटर व स्वाइन फ्लू वार्ड से होगी। कैमरे की कंट्रोल यूनिट अधीक्षक कार्यालय में रहेगी। सीसीटीवी लगाने काम इसी माह शुरू हो जाएगा।



नहीं हो पाएंगे नदारद



अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में डॉक्टर्स की अनुपस्थिति, कॉल पर आने में विलम्ब व ड्यूटी पर कार्यरत एमओ व सीएमओ के गायब होने की शिकायतें अस्पताल प्रबंधन को मिलती रहती हैं। इसको लेकर बार—बार दिशा निर्देश भी जारी किए जाते हैं। लेकिन इनकी पालना पूरी नहीं होने से परेशान अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी लगाने का निर्णय लिया है।



कहीं चूक तो नहीं हुई?



ट्रोमा सेंटर के साथ ही स्वाइन फ्लू वार्ड में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। अस्पताल प्रबंधन को इस बात का अंदेशा है कि यहां अब तक भर्ती मरीजों की मौत के मामले में कोई चूक तो नहीं हुई। सीसीटीवी कैमरे लगने से स्वाइन फ्लू के मरीजों के उपचार पर जहां चौबीसों घंटे नजर रह सकेगी वहीं उपचार में कोताही करने वाले कर्मचारियों का भी पता चल सकेगा।



अधीक्षक कार्यालय से होगा नियंत्रण



दोनों वार्डो में करीब आधा दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है। इन कैमरों की कंट्रोल यूनिट अधीक्षक कार्यालय में लगाई जाएगी। सीसीटीवी सिस्टम में रिकॉर्डिग की भी सुविधा होगी। इससे जहां परिजन की शिकायत की पुष्टि हो सकेगी, वहीं रात की रिकॉर्डिग दूसरे दिन देखी जा सकेगी।



पहला प्रयोग



डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज से जुड़े तीनों अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रचलन अभी शुरू नहीं हुआ है। एमडीएम अस्पताल प्रबंधन ने पहली बार इसकी शुरुआत की है। उल्लेखनीय है कि शहर के बड़े निजी अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे से उपचार पर निगरानी रखी जाती है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: