जोधपुर. मथुरादास माथुर अस्तपाल से मंगलवार को भेजे गए स्वाइन फ्लू के तीन संदिग्ध रोगियों के नमूने की जांच रिपोर्ट आ गई है। बुधवार को अस्पताल प्रबंधन को मिली जांच रिपोर्ट में ज्वाला विहार निवासी श्रीमती सुनीता पुरोहित (40) में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
निमोनिया के चलते उसे ऑक्सीजन पर रखा गया है। उसके साथ ही भेजे गए जालौर जिले के रामबोला निवासी कन्या (31)व मिलट्री हॉस्पीटल से रैफर होकर आए सारण नगर निवासी महावीरसिंह (45) के नमूने की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उधर जयपुर में एसएमएस स्कूल के तीन और बच्चों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
इस बीच मंगलवार देर रात यहां भर्ती हुई गोलनाडी बागर निवासी सुशीला (56) के स्वाब का नमूना बुधवार को जांच के लिए जयपुर भेजा गया है। सुशीला भी निमोनिया से पीड़ित है। ज्वाला विहार निवासी सुनीता पुरोहित पिछले दिनों से शहर से बाहर नहीं गई लेकिन इन्दौर में पढ़ने वाला उसका बेटा दीपावली पर जोधपुर आया था। वह जुकाम से पीड़ित था। कुछ दिन रुकने के बाद वह इन्दौर चला गया। उसके जाने के बाद घर के दो सदस्य बुखार जुकाम से पीड़ित हो गए।सम्भवत: सुनीता भी इस दौरान बुखार जुकाम से पीड़ित हो गई जो बढ़ते बढ़ते निमोनिया में तब्दील हो गया।
नवीं रिपोर्ट पॉजिटिव
जोधपुर से अब तक 45 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से नौ रिपोर्टे अब तक पॉजिटिव आई है जबकि पांच पॉजिटिव रोगियों की मौत हुई है। पॉजिटिव आए रोगियों में सर्वाधिक आठ रोगी जोधपुर के हैं। स्वाइन फ्लू ने अब तक जोधपुर के महामंदिर, बीजेएस, माता का थान, सांगरिया फांटा, कलाल कॉलोनी, ज्वाला विहार, शास्त्रीनगर, जगदम्बा कॉलोनी क्षेत्रों को अपनी चपेट में लिया है जबकि एक रोगी पीपाड़ का रहने वाला था।
शुरू हुआ सर्वे
इधर स्वास्थ्य विभाग ने संभागीय आयुक्त के निर्देश के बाद अब तक सामने आए पॉजिटिव व नेगेटिव रोगियों के निवास क्षेत्र में सर्वे का काम शुरू कर दिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीएल चौधरी ने बताया कि बुधवार को बीजेएस, महामंदिर व डिगाडी क्षेत्र में सर्वे का काम शुरू किया गया। इसके अलावा भर्ती हुए तीनों रोगियों के निवास क्षेत्र में भी सर्वे कर परिजनों को व सम्पर्क में आए लोगों को दवाइयां बांटी गईं।
इनका कहना है
सुनीता की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। एक और रोगी का नमूना जांच के लिए भेजा गया है।
डॉ. प्रफुल्ल कच्छवाह, अधीक्षक मथुरादास माथुर अस्पताल
सुनीता की स्वास्थ्य जांच में निमोनिया पाया गया है। इसके चलते उसके ऑक्सीजन पर रखा गया है।
डॉ. अरविंद माथुर, विभागाध्यक्ष मेडिसिन