Sonipat
दिल्ली का सफर पांच रुपए हुआ महंगा
भास्कर न्यूज Thursday, November 05, 2009 05:59 [IST]  

सोनीपत. हरियाणा रोडवेज ने बुधवार को यात्रियों को एक जोर का झटका दे दिया। रोडवेज प्रबंधन की ओर से बिना किसी पूर्व सूचना के ही दिल्ली का किराया पांच रुपए बढ़ा दिया गया। बुधवार को हरियाणा रोडवेज की बस में दिल्ली के लिए बैठने वाले यात्रियों से जब परिचालक ने निर्धारित 27 रुपए के स्थान पर 32 रुपए मांगे तो यात्री सकपका गए और शुरू हो गई बहस। लेकिन आखिर में मजबूर यात्रियों को अपनी जेब हल्की करनी पड़ी। रोडवेज के इस रवैए से यात्रियों में खासा रोष देखा गया।



जानकारी देना भी नहीं समझा मुनासिब : यात्रियों का कहना है कि रोडवेज ने अपने किराए बढ़ाने के पीछे दिल्ली सरकार द्वारा डीटीसी में किराए में बढ़ोतरी का तर्क दिया है, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने यात्रियों को यह जानकारी देना तक मुनासिब नहीं समझा कि किराए में बढ़ोतरी की गई है। यही हमारे रोष का अहम कारण भी है।



कुछ इस प्रकार देना होगा यात्रियों को किराया



सोनीपत से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को अब 27 के स्थान पर 32 रुपए देने होंगे। इसी प्रकार यदि अब कोई भी रोडवेज की बस दिल्ली से होते हुए गुडगांव फरीदाबाद अथवा अन्य किसी स्थान की ओर जाएंगे तो भी पांच रुपए अतिरिक्त देने होंगे। इसके साथ हिसार से गुडगांव व फरीदाबाद का किराया अब 90 के स्थान पर 95 रुपए हो गया है।



सोनीपत से दिल्ली का किराया बढ़ाया गया है। यह दिल्ली सरकार द्वारा डीटीसी का किराया बढ़ाने के मद्देनजर लिया गया फैसला है। निदेशालय द्वारा लिए गए फैसले को लागू किया है। - कुलदीप अहलावत, जीएम, रोडवेज, सोनीपत

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: