लुधियाना. जिला स्तरीय बाल साइंस कांग्रेस में बुधवार को बाल वैज्ञानिकों ने पर्यावरण सुरक्षा के संबंध में अपनी प्रोजेक्ट रिपोर्ट पेश की। प्रोजेक्ट रिपोर्ट के जरिए बाल वैज्ञानिकों ने पर्यावरण की समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिसमें रासायनिक खादों से होने वाले हानिकारक प्रभावों, बिजली पैदा करने के लिए चलाए जा रहे थर्मल प्लांट से होने वाले पर्यावरणीय समस्याओं और उनसे निपटनें के बारे में जानकारी दी गई।
प्रतियोगिता को ग्रामीण और शहरी दो वर्गो में बांटा गया था। जिमसें दोनों वर्गो में जूनियर और सीनियर वर्गो को शामिल किया गया। शहरी क्षेत्र के जूनियर वर्ग में सरकारी माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल पीएयू, सीनियर वर्ग में सेक्रेट हार्ट कान्वेंट स्कूल बीआरएस नगर, ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी मिडिल स्कूल निजामपुर और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिंदवां कला ने पहला स्थान प्राप्त किया।
जिला साइंस सुपरवाइजर प्रदीप कपूर ने बताया कि पहला स्थान हासिल करने वाली चार टीमों तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल और सतपाल मित्तल स्कूल की टीमों को राज्य स्तरीय बाल साइंस कांग्रेस के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने कहा कि 18 नवंबर को चंडीगढ़ में छात्र भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक टीम में पांच छात्र और एक अध्यापक को शामिल किया गया है। इस मौके अरुण कुमार, इंदरप्रीत कौर व अन्य भी शामिल थे।