Bilaspur
अब देर हुई तो एक करोड़ जुर्माना
भास्कर न्यूज Thursday, November 05, 2009 06:24 [IST]  

बिलासपुर. नगर निगम प्रशासन ने शहर में चल रहे सीवरेज के काम में फिर देर होने पर ठेके की लागत का एक फीसदी जुर्माना करने की चेतावनी दी है, जो करीब एक करोड़ रुपए होता है। निगम कमिश्नर ने कंपनी को एक महीने में 25 किलोमीटर तक पाइप लाइन बिछाने का लक्ष्य दिया है।



शहर में अंडर ग्राउंड सीवरेज के निर्माण का ठेका कोलकाता की सिंप्लेक्स इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को दिया गया है। कंपनी निर्धारित लक्ष्य की तुलना में छह महीने पीछे चल रही है। नगर निगम कमिश्नर ने काम में लेटलतीफी के चलते कंपनी पर 0.25 फीसदी यानी 55 लाख रुपए का जुर्माना किया है। इसके बावजूद काम की गति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है, लिहाजा निगम प्रशासन ने बुधवार को सिंप्लेक्स के छत्तीसगढ़ सहित चार राज्यों के जोन प्रभारी कौशिक के.दास को बुलाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।



नगर निगम कमिश्नर मुकेश बंसल ने सीवरेज के काम में लेटलतीफी पर नाराजगी जताते हुए नवंबर महीने में 35 किलोमीटर क्षेत्र में पाइप लाइन डालने का लक्ष्य दिया है। कंपनी अब तक बमुश्किल 15 किमी क्षेत्र में पाइप डालने का काम कर पाई है। बारिश के पूर्व उसे शहर भर में 140 किमी क्षेत्र में पाइप लाइन डालने का टारगेट दिया गया है। गौरतलब है कि कंपनी को वर्क आर्डर जारी होने के साल भर बाद भी सिंप्लेक्स 10 फीसदी काम नहीं कर पाई है। योजना के अंतर्गत कुल 267.70 किमी क्षेत्र में पाइप लाइन बिछानी है।



पाइप फैक्ट्री का निरीक्षण: कमिश्नर मुकेश बंसल ने कंपनी के आला अधिकारियों को सुबह अपने कार्यालय बुलाकर चल रहे कार्यो की समीक्षा की। इसके बाद गतौरी स्थित कंपनी की पाइप फैक्ट्री में मेनहोल की ढलाई के काम का निरीक्षण किया। इसके साथ ही पाइप की स्ट्रेंथ व गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। सीवरेज निर्माण के काम की देखरेख कर रहे प्रभारी ईई पंकज पंचायती ने बताया कि कंपनी प्रतिदिन 200 से 250 पाइप की ढलाई कर रही है।



गौरव पथ में पाइप लाइन डालने डेढ़ महीने का समय: निगम प्रशासन ने गौरव पथ के अंतर्गत पाइप लाइन डालने के कार्य में ढिलाई पर रोष जताते हुए कंपनी को डेढ़ महीने की मोहलत दी है। कंपनी की लेट-लतीफी के चलते गौरव पथ का काम ठप पड़ गया है। इसके चलते निगम प्रशासन को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नाराजगी सहनी पड़ रही है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: